आगरा में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) की सहायता से खास चिप वाले जूते बनाए जाएंगे, जिनसे पहनने वाले की निगरानी घर बैठे की जा सकेगी। इस बारे में तकनीकी संस्थानों से बातचीत हो रही है, और जल्द ही ये चिप लगे जूते लोगों के पैरों में होंगे। आगरा फुटवियर मैन्युफैक्चरर्स एंड ट्रांसपोर्टर्स चेंबर (एएफएमएसी) के अध्यक्ष पूरन डावर ने बताया कि समय और जरूरत के अनुसार जूतों की बनावट और सुविधाओं में बदलाव किए गए हैं। अब सुरक्षा भी एक अहम मुद्दा बन गया है, खासकर बच्चों और परिवार के अन्य सदस्यों की सुरक्षा के लिए लोग नए संसाधनों का इस्तेमाल कर रहे हैं। ऐसे में एआई की मदद से खास जूते बनाए जाएंगे, जिनमें विशेष चिप लगेगी जो विशेष संकेत भेजेगी। इन जूतों को वाईफाई के माध्यम से घर या कार्यालय से मॉनिटर किया जा सकेगा। चिप को मोबाइल और लैपटॉप से भी जोड़ा जा सकता है। उन्होंने बताया कि इन जूतों को पहनने वाले की लोकेशन कहीं से भी पता की जा सकेगी। तकनीकी संस्थानों के विशेषज्ञ ऐसी चिप बना रहे हैं जो इन जूतों में लगाई जाएगी।
एआई की मदद से बनेंगे चिप वाले जूते, पहनने वाले की लोकेशन का चलेगा पता




