दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट ने 26/11 मुंबई आतंकी हमले के मुख्य आरोपी तहव्वुर हुसैन राणा की न्यायिक हिरासत बढ़ाते हुए अब 9 जुलाई तक कर दी है। सुरक्षा कारणों के चलते राणा को शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अदालत में पेश किया गया, जहां उसने अपने परिवार से बात करने की अनुमति मांगी। राणा के वकील ने अदालत में उसके स्वास्थ्य को लेकर गंभीर चिंता जताई, जिस पर कोर्ट ने संज्ञान लेते हुए तिहाड़ जेल प्रशासन को 9 जून तक उसकी मेडिकल स्थिति पर रिपोर्ट दाखिल करने का आदेश दिया है। साथ ही कोर्ट 9 जून को उस याचिका पर भी सुनवाई करेगा जिसमें राणा ने अपने परिवार से बातचीत की अनुमति मांगी है।
गौरतलब है कि इससे पहले 24 अप्रैल को विशेष न्यायाधीश चंदर जीत सिंह ने राणा की पारिवारिक बातचीत की याचिका को खारिज कर दिया था। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने इस याचिका का विरोध करते हुए कहा था कि अगर राणा को परिजनों से बात करने की इजाजत दी जाती है, तो वह राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी संवेदनशील जानकारी साझा कर सकता है।
तहव्वुर राणा, जो कि पाकिस्तानी सेना के मेडिकल कोर का पूर्व अधिकारी है, को हाल ही में अमेरिका से भारत प्रत्यर्पित किया गया है। उस पर 26 नवंबर 2008 को मुंबई में हुए भीषण आतंकी हमले की साजिश रचने का आरोप है, जिसमें 166 लोगों की जान गई थी और सैकड़ों घायल हुए थे। एनआईए की हिरासत से छूटने के बाद 9 मई को अदालत ने उसे 6 जून तक न्यायिक हिरासत में भेजा था, जिसे अब बढ़ाकर 9 जुलाई कर दिया गया है।
मुंबई हमले के मास्टरमाइंड तहव्वुर राणा की न्यायिक हिरासत 9 जुलाई तक बढ़ी






