
उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर जिले में मेले के दौरान मधुमक्खियों के हमले से एक श्रद्धालु की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हो गए। सभी घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।
मंगलवार को जलालपुर थाना क्षेत्र के नर्सरी बाजार स्थित औघड़ बाबा स्थान पर लगने वाले साप्ताहिक मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे थे। मंदिर परिसर में एक पेड़ पर मधुमक्खियों का छत्ता लगा हुआ था। अचानक छत्ते से मधुमक्खियों का झुंड निकल आया और वहां मौजूद लोगों पर हमला कर दिया। हमले से मेले में अफरा-तफरी मच गई। इस घटना में जैतपुर थाना क्षेत्र के राजापुर कुठमा गांव निवासी संतराम सहित कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए बसखारी स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने संतराम को मृत घोषित कर दिया। मृतक की पत्नी यशोदा देवी ने बताया कि बाबा के दर्शन के दौरान मधुमक्खियों ने उनके पति को काट लिया था और अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। जलालपुर थाने के एसओ सुनील पांडेय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और अन्य घायलों का उपचार कराया जा रहा है।





