अमेरिका में अवैध हथियारों के नेटवर्क से जुड़े एक सनसनीखेज मामले में भारतीय मूल के 27 वर्षीय युवक जशनप्रीत सिंह को अदालत ने पांच साल चार महीने की सजा सुनाई है। कैलिफोर्निया के लोदी शहर का रहने वाला जशनप्रीत गैरकानूनी तरीके से हथियारों की तस्करी और मशीन गन रखने के आरोपों में दोषी पाया गया है। जांच एजेंसियों के अनुसार, उसने ‘पंजाबी डेविल्स’ नाम से एक मोटरसाइकिल गैंग भी गठित किया था, जिसके तार अमेरिका के कुख्यात बाइकर गिरोह हेल्स एंजेल से जुड़े होने की बात सामने आई है। यह गैंग कैलिफोर्निया के स्टॉकटन क्षेत्र में सक्रिय था और विभिन्न आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त बताया गया है।

अमेरिकी अटॉर्नी एरिक ग्रांट के मुताबिक, जशनप्रीत सिंह को अवैध हथियारों की बिक्री और मशीन गन रखने के मामलों में दोषी करार दिया गया। अदालत में प्रस्तुत दस्तावेजों से यह खुलासा हुआ कि जून 2025 में उसने एक अंडरकवर पुलिस अधिकारी को कई घातक हथियार बेचने का प्रयास किया था। इन हथियारों में शॉर्ट बैरल राइफल, तीन असॉल्ट वेपन, मशीन गन में परिवर्तित करने वाले उपकरण और एक रिवॉल्वर शामिल थे। इस घटना के बाद पुलिस ने उसके ठिकाने पर छापेमारी की, जहां से भारी मात्रा में अवैध हथियार और विस्फोटक सामग्री बरामद की गई। बरामद सामान में एक मशीन गन, मशीन गन कन्वर्जन डिवाइस और साइलेंसर शामिल थे। इसके अतिरिक्त, जांच के दौरान एक हैंड ग्रेनेड और सैन्य उपयोग में आने वाले क्लेमोर माइन जैसे विस्फोटक भी मिले। सुरक्षा कारणों को देखते हुए बम निरोधक दस्ते ने मौके पर ही इन विस्फोटकों को निष्क्रिय कर दिया।
मामले की शुरुआती जांच में जशनप्रीत सिंह के खिलाफ सैन जोएक्विन काउंटी में राज्य स्तर पर केस दर्ज किया गया था। हालांकि, जुलाई 2025 में वह अदालत में पेश नहीं हुआ, जिसके बाद उसके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया। इसी बीच एफबीआई को सूचना मिली कि वह भारत फरार होने की तैयारी में है और उसने सैन फ्रांसिस्को से उड़ान के लिए टिकट भी बुक कर लिया है।
26 जुलाई 2025 को अमेरिकी अधिकारियों ने उसे सैन फ्रांसिस्को एयरपोर्ट पर उस समय गिरफ्तार कर लिया, जब वह देश छोड़कर भागने की कोशिश कर रहा था। फिलहाल जशनप्रीत सिंह अमेरिकी संघीय हिरासत में है और अपनी सजा काट रहा है।







