ब्रिटेन में आम चुनाव के लिए वोटों की गिनती जारी है। आम चुनाव के लिए 4 जुलाई को मतदान हुआ था। मतदान के बाद जारी किए गए नतीजों में लेबर पार्टी को प्रचंड जीत मिली है और पार्टी 400 सीटों के आंकड़े को पार कर चुकी है।
पीएम मोदी ने कीर स्टार्मर को दी बधाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ब्रिटेन के आम चुनावों में जीत के लिए बधाई दी। उन्होंने लिखा, ‘ब्रिटेन के आम चुनाव में उल्लेखनीय जीत के लिए कीर स्टार्मर को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। मैं सभी क्षेत्रों में भारत-ब्रिटेन के बीच व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने, आपसी विकास और समृद्धि को बढ़ावा देने के लिए हमारे सकारात्मक और रचनात्मक सहयोग की आशा करता हूं।’
पीएम मोदी ने ऋषि सुनक को दिया धन्यवाद
पीएम मोदी ने ऋषि सुनक को धन्यवाद देते हुए सोशल मीडिया पर लिखा, ‘ब्रिटेन में आपके सराहनीय नेतृत्व और अपने कार्यकाल के दौरान भारत-ब्रिटेन के बीच संबंधों को गहरा करने में आपके सक्रिय योगदान के लिए ऋषि सुनक को धन्यवाद। आपको और आपके परिवार को भविष्य के लिए शुभकामनाएं।’
पूर्व पीएम लिज ट्रस की हुई हार
ब्रिटेन की पूर्व प्रधानमंत्री लिज ट्रस को भी हार का सामना करना पड़ा है। कंजर्वेटिव पार्टी की हार के लिए लिज ट्रस के 45 दिन के अशांत कार्यकाल को भी जिम्मेदार ठहराया जा रहा है।
कंजर्वेटिव पार्टी को तगड़ा झटका, कई सीटों पर तीसरे स्थान पर खिसकी
लेबर पार्टी की जीत का आंकड़ा 410 तक पहुंचा। वहीं पिछले चुनाव में कंजर्वेटिव पार्टी ने जहां जीत हासिल की थी, वहां कई सीटों पर कंजर्वेटिव पार्टी इस बार तीसरे स्थान पर खिसक गई है।
लेबर पार्टी ने पार किया चार सौ सीटों का आंकड़ा
ब्रिटेन आम चुनाव के नतीजों में अभी तक लेबर पार्टी ने 406 सीटों पर जीत दर्ज की है। वहीं कंजर्वेटिव पार्टी 112 सीटों पर जीती है। लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी को 67 सीटें मिली हैं।
इन मुद्दों पर लड़ा गया ब्रिटेन का आम चुनाव
ब्रिटेन के आम चुनाव में जो मुद्दे सबसे ज्यादा चर्चा में रहे, उनमें अर्थव्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाएं, अवैध प्रवासी मुद्दा, आवास, पर्यावरण, अपराध, शिक्षा, टैक्स के साथ ही ब्रेग्जिट भी प्रमुख मुद्दा रहा।





