इस समय पाकिस्तान में भारी उथल-पुथल मची हुई है। पिछले तीन दिनों में पाकिस्तान में दो बड़ी घटनाएं हुई हैं। पहली घटना बलूचिस्तान में हुई, जहां लगातार तीन आतंकी हमलों में सेना के जवानों, आतंकियों और आम नागरिकों समेत 70 लोगों की मौत हो गई। इसके अलावा, बलूच लिबरेशन आर्मी ने पाकिस्तानी सेना के 102 जवानों को मार डाला था। इन दोनों घटनाओं के पीछे बलूच लिबरेशन आर्मी का हाथ बताया जा रहा है।
इन घटनाओं के बाद, पाकिस्तानी सेना ने आरोपियों की तलाश के लिए सर्च अभियान शुरू कर दिया है। इसी के तहत, पाकिस्तानी सेना ने बलूचिस्तान के केच जिले के तुरबत विश्वविद्यालय पर छापा मारा है। उन्हें महल बलूच नामक महिला की तलाश है, जो इस विश्वविद्यालय की छात्रा है। सेना का दावा है कि यह महिला बलूच लिबरेशन आर्मी से जुड़ी हुई है और हाल ही में बेला में पाकिस्तानी सेना के कैंप पर हुए हमले में शामिल थी।
सेना के जवानों ने विश्वविद्यालय को घेर लिया और महिला छात्रावास की तलाशी ली। बलूचिस्तान पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार, इस अभियान का उद्देश्य महल बलूच के बारे में जानकारी जुटाना था, जिसे ज़िलन कुर्द के नाम से भी जाना जाता है। विश्वविद्यालय के छात्रों ने बताया कि पाकिस्तानी सुरक्षा बलों ने उनसे बलूच के आतंकी हमले में शामिल होने के बारे में पूछताछ की और महिला छात्रावास के कमरों की तलाशी ली।
तुरबत विश्वविद्यालय की कानून की छात्रा और ग्वादर की निवासी महल बलूच पर आरोप है कि वह बलूच लिबरेशन आर्मी के “ऑपरेशन हेरोफ़” के तहत बेला में पाकिस्तानी सेना के कैंप पर आत्मघाती हमले में शामिल थी।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने इस छापेमारी और छात्रों के उत्पीड़न के आरोपों पर कोई टिप्पणी नहीं की है। यह घटना बलूचिस्तान में पाकिस्तानी सशस्त्र बलों द्वारा कथित उत्पीड़न के एक चिंताजनक पैटर्न का हिस्सा है, जिससे पहले भी छात्र विरोध प्रदर्शन कर चुके हैं। मार्च में भी पाकिस्तानी खुफिया एजेंसियों पर सरगोधा मेडिकल कॉलेज के छात्र खुदादाद सिराज को जबरन गायब करने का आरोप लगा था।
प्रदर्शनकारियों ने विश्वविद्यालय परिसर में शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया, लेकिन सुरक्षा बलों ने उनके बैनर और पोस्टर जब्त कर लिए। बलूचिस्तान में पाकिस्तानी सशस्त्र बलों पर उत्पीड़न, जबरन पूछताछ और तलाशी के आरोप लगते रहे हैं। रिपोर्ट के अनुसार, इन प्रदर्शनकारियों में से 18 लोग लापता हैं और 5 के शव मिल चुके हैं। पर्याप्त सबूतों और विभिन्न संगठनों की रिपोर्टों के बावजूद, पाकिस्तानी सुरक्षा बल किसी भी प्रकार की संलिप्तता से इनकार करते रहे हैं। क्वेटा, केच, मस्के और आवारा जैसे क्षेत्र जबरन गायब होने के हॉटस्पॉट बने हुए हैं।
पाकिस्तान की तुरबत यूनिवर्सिटी में बलूच आर्मी से जुड़ी महिला की तलाश






