पश्चिम बंगाल के कोलकाता स्थित आरजी कर मेडिकल कॉलेज-अस्पताल में प्रशिक्षु महिला के साथ दुष्कर्म और हत्या के मामले को लेकर प्रदर्शनकारियों और राज्य सरकार के बीच तनाव बना हुआ है। इसी बीच, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने आज स्वास्थ्य भवन में प्रदर्शन कर रहे जूनियर डॉक्टरों से मुलाकात की। इस मुलाकात के बाद डॉक्टरों ने बंगाल सरकार को एक ईमेल भेजकर ममता बनर्जी के साथ बैठक की इच्छा जताई।
इसके जवाब में ममता बनर्जी ने डॉक्टरों को आज शाम छह बजे अपने आवास पर बुलाया। इससे पहले, गुरुवार को डॉक्टरों का एक समूह नबन्ना में बैठक के लिए पहुंचा था, लेकिन बैठक नहीं हो पाई। ममता बनर्जी ने बताया कि उन्होंने जूनियर डॉक्टरों से मिलने के लिए दो घंटे तक इंतजार किया, लेकिन वे नहीं आए। हालांकि, शनिवार को मुख्यमंत्री खुद प्रदर्शन कर रहे डॉक्टरों से मिलने पहुंचीं।
ममता बनर्जी से मुलाकात के बाद डॉक्टरों ने कहा कि वे सरकार के साथ अपनी पांच मांगों पर चर्चा के लिए तैयार हैं। उन्होंने बताया कि उनकी मांगें अनुचित नहीं हैं। मुख्यमंत्री ने उन्हें आश्वासन दिया कि उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा और यदि कोई दोषी पाया गया, तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। ममता बनर्जी ने कहा, “मैं यहां मुख्यमंत्री के तौर पर नहीं, बल्कि दीदी के रूप में आपसे मिलने आई हूं। मैंने भी छात्र आंदोलन किए हैं और जीवन में बहुत संघर्ष किया है, इसलिए आपके संघर्ष को समझती हूं। मुझे मेरे पद की चिंता नहीं है। कल रात बारिश के दौरान जब आप विरोध कर रहे थे, तो मैं भी चिंतित थी और सो नहीं पाई।”
आरजी कर अस्पताल के डॉक्टरों ने ममता बनर्जी से मिलने का समय मांगा






