जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव में जीत के बाद, बुधवार को उमर अब्दुल्ला ने नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ लेने के बाद, मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने अपनी तस्वीर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर पोस्ट की और लिखा, “मैं वापस आ गया हूँ।” अपने दूसरे पोस्ट में उन्होंने पुलिस महानिदेशक से एक खास अपील करते हुए निर्देश जारी किए।
सीएम उमर अब्दुल्ला ने लिखा, “आज मैंने जम्मू-कश्मीर के पुलिस महानिदेशक से बात की। मैंने उनसे कहा है कि जब मैं सड़क मार्ग से यात्रा करूं तो कोई ‘ग्रीन कॉरिडोर’ न बनाया जाए और यातायात न रोका जाए। मैंने उन्हें निर्देश दिया है कि लोगों को कम से कम असुविधा हो, सायरन का इस्तेमाल भी कम से कम हो। किसी भी प्रकार की लाठी लहराने या आक्रामक हरकतों से पूरी तरह बचा जाए। मैं अपने कैबिनेट सहयोगियों को भी यही उदाहरण अपनाने के लिए कह रहा हूँ। हमारा व्यवहार लोगों के अनुकूल होना चाहिए। हम जनता की सेवा के लिए हैं, न कि उन्हें असुविधा पहुँचाने के लिए।”
श्रीनगर के शेर-ए-कश्मीर इंटरनेशनल कॉन्फ्रेंस सेंटर में हुए शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सांसद राहुल गांधी, के.सी. वेणुगोपाल, सुप्रिया सुले, समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव समेत ‘इंडिया’ ब्लॉक के कई नेता शामिल हुए। भारतीय चुनाव आयोग ने 8 अक्टूबर को जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव के परिणाम घोषित किए थे, जिसमें नेशनल कॉन्फ्रेंस और कांग्रेस गठबंधन को बहुमत मिला। भाजपा एनसी के बाद दूसरी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी, भाजपा को 29 सीटें मिलीं, जबकि कांग्रेस को केवल 6 सीटें मिलीं। आम आदमी पार्टी ने भी एक सीट पर जीत दर्ज की। जम्मू-कश्मीर से आर्टिकल 370 हटाए जाने के बाद यहां पहली बार विधानसभा चुनाव हुए थे।
उमर अब्दुल्ला ने डीजीपी को दिये निर्देश, कहा मेरे लिए कोई ‘ग्रीन कॉरिडोर’ न बनाया जाए






