तौकीर रजा है आदतन ‘अपराधी’ प्रवृत्ति का मौलाना

उत्तर प्रदेश के जिला बरेली में शुक्रवार 26 सितंबर को हुए बवाल ने पूरे जिले का माहौल गर्मा दिया है। पुलिस की कड़ी कार्रवाई और प्रशासन की सतर्कता के बावजूद अचानक हुए तनाव ने हालात को बिगाड़ दिया। आज शनिवार को पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मौलाना तौकीर रजा खां समेत आठ लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि बवाल की साजिश लंबे समय से रची जा रही थी और विभिन्न थानों में कुल छह मुकदमे दर्ज किए गए हैं। इनमें से एक मुकदमे में तौकीर रजा मुख्य आरोपी बनाए गए हैं। यह घटना उस समय सामने आई जब शुक्रवार को शहर में धार्मिक भावना भड़काने की कोशिश की गई और माहौल को हिंसक बनाने का प्रयास हुआ। स्थिति को नियंत्रण में लेना प्रशासनिक तंत्र के लिए बड़ी चुनौती बन गया, जिसके बाद पूरे जिले में सतर्कता बढ़ा दी गई। जिला प्रशासन ने हालात पर काबू पाने के लिए 48 घंटे के लिए इंटरनेट बंदी का आदेश जारी किया है, ताकि सोशल मीडिया और ऑनलाइन माध्यमों के जरिए अफवाहें फैलाकर हालात को और भड़काया न जा सके।
गौरतलब हो दंगा भड़काने के आरोपी मौलाना तौकीर रजा का नाम कोई नया नहीं है। वे अक्सर अपने बयानों और गतिविधियों के कारण सुर्खियों में बने रहते हैं। उनकी छवि एक ऐसे व्यक्ति की बन चुकी है, जो धार्मिक मामलों में आग लगाने वाले तत्वों की तरह बार-बार सामने आते हैं। उनकी बदजुबानी और विवादित भाषणों का इतिहास पुराना है। कई बार उनके भड़काऊ बयानों ने पहले भी तनाव का माहौल बनाया है। यही वजह है कि पुलिस की निगाहें हमेशा उन पर रहती हैं। शुक्रवार के बवाल में भी पुलिस को पुख्ता सबूत मिले हैं कि मौलाना तौकीर न केवल इस साजिश में शामिल थे, बल्कि भीड़ को भड़काने में भी उनकी अहम भूमिका रही। यही कारण है कि उन्हें इस बार भी बवाल का जिम्मेदार ठहराकर आरोपी बनाया गया।
पुलिस सूत्रों की मानें तो इस पूरे मामले की तैयारी काफी पहले से की जा रही थी। योजनाबद्ध तरीके से युवाओं को उकसाया गया, अफवाहें फैलाई गईं और शहर के माहौल को खराब करने की कोशिश की गई। जैसे ही शुक्रवार को मौके पर भीड़ इकट्ठी हुई, स्थिति तनावपूर्ण बन गई और देखते ही देखते बवाल भड़क उठा। पुलिस बल ने हालात को काबू में करने के लिए लाठीचार्ज और आंसू गैस का इस्तेमाल किया। देर रात तक तनाव बना रहा लेकिन पुलिस और प्रशासन ने मोर्चा संभालते हुए बड़ी घटना को रोक लिया। घटनास्थल पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और लगातार गश्त की जा रही है। मौलाना तौकीर रजा पर पहले भी इस तरह की घटनाओं में शामिल होने के आरोप लगते रहे हैं। उनका नाम हर उस मौके पर सामने आता है जब शहर में सांप्रदायिक तनाव होता है। कई बार उन्होंने खुले मंच से ऐसे बयान दिए हैं जिन्हें समाज में नफरत फैलाने वाला माना गया। यही नहीं, उनकी बदजुबानी इतनी मशहूर हो चुकी है कि कई बार उनका अपना राजनीतिक और सामाजिक असर भी कमजोर पड़ा। वे खुद को अल्पसंख्यक समुदाय का नेता कहकर प्रस्तुत करते हैं लेकिन उनके कदम बार-बार लोगों को विचार करने पर मजबूर कर देते हैं कि क्या वाकई वे समाज की भलाई के लिए कुछ कर रहे हैं या फिर सिर्फ अपने राजनीतिक और व्यक्तिगत फायदे के लिए माहौल बिगाड़ते हैं।
शुक्रवार को हुए बवाल ने प्रशासन को और सख्ती अपनाने पर मजबूर किया। जिले भर में पेट्रोलिंग बढ़ा दी गई है, इंटरनेट सेवा बंद होने के बाद अफवाहें रुक गईं और माहौल धीरे-धीरे सामान्य हो रहा है। लेकिन घटनाक्रम ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि कुछ लोग आज भी धार्मिक भावनाओं का सहारा लेकर अपनी रोटी सेंकने की कोशिश करते हैं। पुलिस का स्पष्ट कहना है कि इस बार किसी को बख्शा नहीं जाएगा। आरोपियों पर सख्त कार्रवाई होगी और मुकदमों को तेजी से अदालत में आगे बढ़ाया जाएगा। तौकीर रजा के खिलाफ हुई ताजा कार्रवाई उनके राजनीतिक भविष्य पर भी सवाल खड़े कर सकती है। उनके विरोधी उन्हें पहले से ही सांप्रदायिक एजेंडा चलाने वाला बताते आए हैं। अब जबकि पुलिस ने आधिकारिक तौर पर उन्हें आरोपी बना लिया है और गिरफ्तार भी किया है, तो उनके समर्थकों का मनोबल निश्चित रूप से गिर सकता है। दूसरी ओर, उनके विरोधियों को एक और हथियार मिल गया है जिससे वे उनकी साख को चुनौती दे सकते हैं। समाज के भीतर ऐसे नेताओं की भूमिका और प्रभाव को लेकर जो बहस छिड़ी है, वह लंबे समय तक चल सकती है।
इस मामले ने पूरे उत्तर प्रदेश की राजनीति को भी झकझोर दिया है। विपक्ष जहां प्रशासन की विफलता बताकर इसे बड़ा मुद्दा बना सकता है, वहीं सत्तापक्ष इस पर कड़ा रुख अपनाकर यह संदेश देने की कोशिश करेगा कि प्रदेश सरकार कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं करेगी। मौलाना तौकीर रजा की गिरफ्तारी आगामी चुनावी समीकरणों में भी असर डाल सकती है। ऐसे हालात में प्रशासन के लिए कानून व्यवस्था बनाए रखना सबसे बड़ी प्राथमिकता है। फिलहाल स्थिति पर नजर रखी जा रही है। जिलाधिकारी और एसएसपी लगातार हालात पर नियंत्रण रखने के लिए बैठकें कर रहे हैं। नेताओं के बयानों पर भी करीबी निगरानी रखी जा रही है। पुलिस ने साफ कर दिया है कि कोई भी व्यक्ति, चाहे वह कितना ही बड़ा नेता क्यों न हो, अगर कानून हाथ में लेगा और समाज में नफरत फैलाने का प्रयास करेगा, तो कार्रवाई अवश्य होगी। तौकीर रजा की गिरफ्तारी इस बात का उदाहरण है कि इस बार पुलिस और प्रशासन किसी भी दबाव में आने वाले नहीं हैं।
कुल मिलाकर बरेली का यह बवाल एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर करता है कि आखिर कब तक नेताओं की राजनीति और उनकी सांप्रदायिक चालबाजियां आम जनता की जिंदगी को परेशानी में डालती रहेंगी। यह मामला केवल एक शहर या जिले का नहीं है, बल्कि पूरे समाज के लिए चेतावनी है कि नफरत की आग कभी भी सबको झुलसा सकती है। ऐसे में जरूरी है कि आम लोग खुद भी सतर्क रहें, अफवाहों पर ध्यान न दें और समाज में भाईचारे और शांति की परंपरा को बनाए रखने में अपना योगदान दें। पुलिस और प्रशासन का काम कानून व्यवस्था संभालना है, लेकिन समाज के लोग अगर खुद एकजुट होकर नफरत फैलाने की कोशिशों को नाकाम करें, तो कोई भी मौलाना तौकीर जैसा व्यक्ति कभी साजिश रचने की हिम्मत नहीं कर पाएगा। पूरे प्रकरण को देखते हुए एक कहना अतिशयोक्ति नहीं होगी कि तौकीर रजा ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को एक तरह से खुली चुनौती दी है कि वह (योगी) चाहें प्रदेश में शांति बनाए रखने के लिए जितनी भी सख्ती करें, उसे वह अपने नापाक इरादों से चकनाचूर कर सकते हैं। अब लगता है तौकीर को इसका बड़ा खामियाजा भुगतना पड़ सकता है।

संजय सक्सेना, वरिष्ठ पत्रकार, लखनऊ

विशिखा मीडिया

विशिखा ने जनवरी 2019 से राजस्थान की राजधानी जयपुर से हिंदी मासिक पत्रिका के रूप में अपनी नींव रखी। राजस्थान में सफलता का परचम फहराने के बाद विशिखा प्रबंधन ने अप्रैल 2021 से उत्तराखंड की राजधानी देहरादून से मासिक पत्रिका के रूप में अपना प्रकाशन आरम्भ करने का निर्णय लिया। इसी बीच लोगों की प्रतिक्रियाएं आईं कि विशिखा का प्रकाशन दैनिक समाचार पत्र के रूप में भी होना चाहिये। पाठकों की रुचि को ध्यान में रखते हुए विशिखा प्रबंधन ने 1 जनवरी 2022 से जयपुर से दैनिक समाचार पत्र के रूप में भी अपना प्रकाशन आरम्भ किया। विशिखा में प्रमुख रूप से राजनैतिक गतिविधियों सहित, कला, समाज, पर्यटन, एवं अन्य विषयों से संबंधित विस्तृत आलेख प्रकाशित होते हैं। विशिखा पत्रिका ने अपने विस्तृत आलेखों और दैनिक न्यूज़ विश्लेषण के माध्यम से अपने पाठकों को जानकारी और ज्ञान की दुनिया में ले जाने का महत्वपूर्ण काम किया है। अपनी सटीक खबरों, विस्तृत रिपोर्टों और विशेष विषयों पर आधारित लेखों के साथ, विशिखा ने लगातार अपनी विश्वसनीयता बनायी हुई है। विशिखा मासिक पत्रिका की खबरों की गुणवत्ता, नवीनता और सटीकता को ध्यान में रखते हुए इस पत्रिका ने अपने पाठकों का दिल जीता है। यह पत्रिका न केवल जानकारी उपलब्ध कराती है, बल्कि लोगों के बीच अपने विचारों के आदान प्रदान के लिए एक मंच भी उपलब्ध करती है। इसके लेखक, संपादक और टीम का प्रयास निरंतर यह होता है कि पाठकों को एक अच्छा अनुभव देने के साथ-साथ सामाजिक, आर्थिक और सांस्कृतिक मुद्दों के साथ-साथ समस्याओं के समाधान पर ध्यान केंद्रित करें। विशिखा का लक्ष्य आपको विभिन्न विषयों पर अद्भुत लेखों से परिचित कराना है। पत्रिका के माध्यम से हम लेखकों, संगठनों, एवं समाज के प्रतिष्ठित और सामान्य लोगों को उनकी रचनात्मक योग्यताओं के आधार पर साझा करने का प्रयास करना है। पत्रिका टीम का मूल मंत्र है- रचनात्मकता, नैतिकता और उच्चतम गुणवत्ता। विशिखा हिंदी मासिक पत्रिका है जो 2019 में शुरू हुई थी। वर्तमान में यह राजस्थान और उत्तराखंड से प्रकाशित की जाती है। इसमें विभिन्न विषयों पर लेख शामिल होते हैं जैसे कि करंट अफेयर्स, साहित्य, महिलाएं, यात्रा और अधिक। हमारी पत्रिका उन लोगों के लिए है जो ज्ञान और सूचना की तलाश में होते हैं और उन्हें उन विषयों से रुबरु कराने का एक मंच प्रदान करती हैं।

Leave a Reply

Discover more from

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading