हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में सोमवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा सामने आया, जिसमें पर्यटकों से भरी एक इनोवा कार गहरी खाई में गिर गई। इस दर्दनाक दुर्घटना में छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज टांडा रेफर किया गया है।

जानकारी के अनुसार, यह हादसा भटियात क्षेत्र के ककीरा के पास सुबह करीब तीन बजे हुआ। दुर्घटनाग्रस्त वाहन इनोवा क्रिस्टा था, जिसमें गुजरात के पर्यटक सवार थे। सभी लोग मनाली से डलहौजी की ओर घूमने जा रहे थे। हादसे के समय इलाके में भारी बारिश हो रही थी, जिससे सड़क पर फिसलन बढ़ गई थी और वाहन अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरा। बताया जा रहा है कि गाड़ी में चालक सहित कुल 10 लोग सवार थे। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों को पहले नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए टांडा मेडिकल कॉलेज भेजा गया।
प्रारंभिक जांच में खराब मौसम और सड़क पर फिसलन को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार सकलानी ने बताया कि मामले में केस दर्ज कर लिया गया है और दुर्घटना के कारणों की गहन जांच की जा रही है। प्रशासन की ओर से मृतकों और घायलों के परिजनों को सूचना देने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। इस हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है। ककीरा घार के पास हुए इस भीषण हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम तत्काल मौके पर पहुंच गई थी। वहीं, मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने इस दुर्घटना में छह लोगों की मौत पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने जिला प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता प्रदान की जाए और घायलों को बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए। मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए दिवंगतों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की है।







