जयपुर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर स्पाइसजेट एयरलाइंस की महिला कर्मचारी द्वारा सीआईएसएफ जवान को थप्पड़ मारने के मामले में नया मोड़ आया है। थप्पड़ मारने वाली महिला क्रू मेंबर अनुराधा रानी ने सीआईएसएफ एएसआई गिरिराज प्रसाद पर संगीन आरोप लगाते हुए क्रॉस केस दर्ज करवाया है। थप्पड़ केस में महिला कर्मचारी ने सीआईएसएफ के एएसआई के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला कर्मचारी ने एफआईआर में कहा है कि जब वो गेट से एंट्री ले रही थी, तब एएसआई ने रोका और कहा कि मुझे भी सेवा का मौका दो। इसके साथ ही एएसआई गिरिराज ने पद का धौंस देते हुए कहा कि मेरा कहा मानोगी तो चैन पाओगी।
क्या था मामला
दरअसल ये पूरा मामला गुरुवार साढ़े चार बजे का है। यहां स्पाइसजेट की महिला कर्मचारी अनुराधा व्हीकल गेट से एंट्री ले रही थीं। एएसआई के मुताबिक महिला कर्मचारी एयरपोर्ट के अंदर जाने की जिद कर रही थीं, जबकि व्हीकल गेट की सीआईएसएफ एसओपी के तहत महिलाओं को केवल सीआईएसएफ की महिला स्टाफ द्वारा सुरक्षा जांच के बाद ही एयरपोर्ट के अंदर जाने की परमिशन होती है। इसी बात को लेकर बहस हो गई और महिला कर्मचारी ने थप्पड़ मार दिया।






