हाथरस के सिकंदराराऊ के फुलरई मुगलगढ़ी गांव में हुए सत्संग में 121 श्रद्धालुओं की मौत के मामले में बाबा नारायण साकार हरि बृहस्पतिवार को लखनऊ स्थित सचिवालय में न्यायिक आयोग के समक्ष पेश हुए और अपना बयान दर्ज कराया। इस दौरान कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। भक्तों के बीच भोले बाबा के नाम से प्रसिद्ध नारायण हरि भाजपा के झंडे वाली सफेद फॉर्च्यूनर कार से न्यायिक आयोग पहुंचे। बताया जा रहा है कि यह कार विधायक बाबूराम पासवान की है, जो दारुलशफा विधायक निवास के 17 ए पर पंजीकृत है। पेशी के बाद बाबा वहां से निकल गए। उनके वकील एपी सिंह ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि हमें राजेश यादव उर्फ फौजी पर साजिश का शक है। हमें सरकार और न्याय प्रणाली पर पूरा भरोसा है।
आपको बता दें कि जुलाई माह में बाबा नारायण साकार हरि उर्फ सूरजपाल के सत्संग में भगदड़ मचने से 121 लोगों की जान चली गई थी। भीड़ को नियंत्रित करने के दौरान चरण रज लेने की कोशिश में लोग गिरने लगे थे। पुलिस ने इस मामले में 11 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। मुख्य सेवादार देवप्रकाश मधुकर और अन्य सेवादारों पर गैर इरादतन हत्या, जानलेवा हमला, गंभीर चोट पहुंचाने, लोगों को बंधक बनाने, निषेधाज्ञा का उल्लंघन करने और साक्ष्य छिपाने के आरोप लगाए गए थे। साथ ही उन पर 80 हजार लोगों की अनुमति के बावजूद ढाई लाख की भीड़ जुटाने का भी आरोप है। पुलिस ने 1 अक्टूबर को 3200 पेज की चार्जशीट कोर्ट में दाखिल की, जिसमें 11 लोगों को आरोपी बनाया गया है। इसमें से मंजू देवी और मंजू यादव को हाईकोर्ट से अंतरिम जमानत मिल चुकी है, लेकिन कागजी कार्यवाही के चलते वे अभी रिहा नहीं हो पाई हैं।
हाथरस मामले में भोले बाबा ने न्यायिक आयोग के सामने बयान दर्ज कराया





