जम्मू-कश्मीर के गांदरबल जिले के सोनमर्ग में एक आतंकी हमला हुआ है। इस हमले में एक डॉक्टर समेत सात लोगों की मौत हो गई है। खबर है कि कई लोग घायल भी हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के एक अधिकारी ने मजदूरों की हत्या की पुष्टि की है और मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है। इलाके में पुलिस सर्च ऑपरेशन चला रही है। इसी दौरान, सुरक्षा बलों ने रविवार दोपहर को उरी में आतंकियों की घुसपैठ की कोशिश को नाकाम कर दिया था, लेकिन यह सफलता ज्यादा समय तक नहीं टिक सकी।
जम्मू-कश्मीर के उरी सेक्टर में नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर सुरक्षा बलों द्वारा शुरू किए गए संयुक्त अभियान में रविवार को एक आतंकवादी मारा गया। सेना की श्रीनगर स्थित चिनार कोर ने बताया कि संयुक्त दल ने भारी हथियारों से लैस एक आतंकवादी को मार गिराया और घटनास्थल से एक एके राइफल, दो एके मैगजीन, 57 एके कारतूस, दो पिस्तौल, तीन पिस्तौल मैगजीन और अन्य युद्ध सामग्री बरामद की। चिनार कोर ने कहा कि इलाके में तलाशी अभियान और कार्रवाई जारी है।
सेना ने कहा था कि संभावित घुसपैठ के संबंध में खुफिया जानकारी के आधार पर उरी में संयुक्त घुसपैठ विरोधी अभियान शुरू किया गया था। सतर्क सैनिकों ने संदिग्ध गतिविधि देखी और उन्हें चुनौती दी, जिसके बाद आतंकवादियों ने अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी। सैनिकों ने भी प्रभावी जवाबी कार्रवाई की।
एक अधिकारी ने बताया कि पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में स्थित आतंकवादी पिछले कुछ समय से इस क्षेत्र में शांति भंग करने के लिए घुसपैठ की कोशिश कर रहे हैं। हाल के महीनों में, आतंकवादियों, खासकर विदेशी भाड़े के आतंकवादियों ने जम्मू संभाग के पहाड़ी जिलों पुंछ, राजौरी, डोडा, कठुआ, उधमपुर और रियासी में सेना, अन्य सुरक्षा बलों और आम नागरिकों पर कई गुरिल्ला हमले किए हैं। इन पहाड़ी जिलों में आतंकवादियों को घात लगाकर हमले से रोकने के लिए पैरा कमांडो बल और पर्वतीय युद्ध में प्रशिक्षित चार हजार से अधिक कमांडो तैनात किए गए हैं। इन क्षेत्रों में सेना और सीआरपीएफ के अलावा पुलिस ने ग्राम रक्षा समितियों (वीडीसी) को ऑटोमेटिक हथियार भी दिए हैं। वीडीसी नागरिकों के समूह हैं जिन्हें दूरदराज के क्षेत्रों में अपने गांवों और परिवारों की रक्षा के लिए प्रशिक्षित किया जाता है।
आतंकवादियों ने गुरुवार को घाटी के शोपियां जिले के जैनपोरा इलाके में अशोक चौहान नामक एक बिहार निवासी की हत्या कर दी। अधिकारी ने कहा कि सुरक्षा बलों ने हत्यारों की तलाश शुरू कर दी है। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला समेत सभी ने इस हमले की कड़ी निंदा की है।
आतंकवादी हमले से घाटी दहली, डॉक्टर सहित 7 लोगों की मौत, कई घायल






