जम्मू-कश्मीर में हो रहे विधानसभा चुनावों के लिए घोषणापत्र जारी करते हुए गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि जम्मू में तवी रिवर फ्रंट बनाया जाएगा। उन्होंने पूर्व की सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि जम्मू-कश्मीर में लगातार सरकारें अलगाववादियों के आगे झुकती रहीं, लेकिन अब आर्टिकल 370 और 35A इतिहास बन चुके हैं। जम्मू-कश्मीर अब विकास और प्रगति के मार्ग पर है। बीजेपी का संकल्प पत्र जारी करते हुए अमित शाह ने कहा कि कश्मीर हमारे लिए केवल जमीन का टुकड़ा नहीं है, बल्कि यह हमारे लिए हमेशा से महत्वपूर्ण रहा है। हमने इसे एकजुट रखने के लिए अनेक प्रयास किए हैं। उन्होंने कहा कि आर्टिकल 370 अब कभी वापस नहीं आएगा, क्योंकि यही वह विचारधारा थी जो युवाओं को पत्थर उठाने पर मजबूर करती थी। शाह ने बताया कि 59 नए कॉलेज खोले गए हैं, जिनमें से 30 कश्मीर में और 29 जम्मू में हैं। जम्मू-कश्मीर में 2 एम्स, आईआईटी, आईआईएम, निफ्ट और यूनानी अस्पताल भी खोले गए हैं। पहले जम्मू-कश्मीर के छात्रों को उच्च शिक्षा के लिए देश के अन्य हिस्सों में जाना पड़ता था, लेकिन अब देशभर के छात्र उच्च शिक्षा के लिए जम्मू-कश्मीर आ रहे हैं। संकल्प पत्र में यह भी बताया गया कि जम्मू में तवी रिवर फ्रंट बनाया जाएगा, श्रीनगर में एम्यूजमेंट पार्क और डल झील का अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विकास किया जाएगा। परिवार की मुखिया महिलाओं को हर साल 18,000 रुपये मिलेंगे और उज्ज्वला योजना के तहत 2 सिलेंडर दिए जाएंगे। छात्रों को कोचिंग फीस के रूप में 10,000 रुपये मिलेंगे, किश्तवाड़ में आयुष हर्बल पार्क बनाया जाएगा, राजौरी को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा, और कॉलेज छात्रों को हर साल 3,000 रुपये की सहायता प्रदान की जाएगी।
जम्मू-कश्मीर चुनाव के लिए अमित शाह ने जारी किया घोषणा पत्र






