कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट गुरुवार सुबह मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल पहुंचे। हालांकि, थोड़ी देर रुकने के बाद वे बड़वाह के लिए रवाना हो गए, जहां वे एक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद उपचुनाव में विजयपुर के लिए प्रस्थान करेंगे। वहां वे कांग्रेस प्रत्याशी के समर्थन में एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे।
भोपाल पहुंचते ही सचिन पायलट राजाभोज एयरपोर्ट से सीधे पीसीसी प्रमुख जीतू पटवारी के निवास पर गए। वहां उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी सत्ता का दुरुपयोग कर रही है और केंद्र सरकार एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है। उन्होंने आगे कहा कि जनता खुद देख रही है कि भाजपा किस तरह से सत्ता का गलत उपयोग कर रही है, और अब जनता ही भाजपा को इसका जवाब देगी।
मध्य प्रदेश का उल्लेख करते हुए सचिन पायलट ने कहा कि कांग्रेस यहां मजबूत विपक्ष के रूप में काम कर रही है। जीतू पटवारी एक युवा साथी हैं। झारखंड का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि वहां गठबंधन के पक्ष में माहौल बना हुआ है। उन्होंने उम्मीद जताई कि मध्य प्रदेश में भी कांग्रेस जल्द ही सफलता प्राप्त करेगी। गुरुवार सुबह भोपाल पहुंचे पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट का राजाभोज एयरपोर्ट पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, वरिष्ठ नेता विवेक तन्खा, विधायक आतिफ अकील और कई अन्य कांग्रेस नेताओं ने जोरदार स्वागत किया।
सत्ता का दुरुपयोग कर रही है भाजपा-सचिन पायलट





