अदाणी ग्रुप राजस्थान में कई क्षेत्रों में ₹7.5 लाख करोड़ से अधिक का निवेश करेगा। इस राशि का 50% हिस्सा अगले पांच वर्षों में निवेश किया जाएगा। जयपुर में सोमवार को आयोजित राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट 2024 में अदाणी पोर्ट्स एंड एसईजेड लिमिटेड के एमडी करण अदाणी ने यह घोषणा की। उन्होंने बताया कि अदाणी ग्रुप राजस्थान में दुनिया का सबसे बड़ा एकीकृत हरित ऊर्जा पारिस्थितिकी तंत्र बनाने की योजना बना रहा है, जिसमें 100 गीगावाट अक्षय ऊर्जा, 2 मिलियन टन हाइड्रोजन और 1.8 गीगावाट पंप हाइड्रो स्टोरेज शामिल होगा। यह निवेश राजस्थान को हरित रोजगार का केंद्र बनाएगा।
राजस्थान को नई सुविधाएं और उद्योग मिलेंगे
करण अदाणी ने आगे बताया कि ऊर्जा क्षेत्र के अलावा राजस्थान, भारत की सबसे बड़ी सीमेंट कंपनी बनने के उनके लक्ष्य के लिए भी अहम है। अदाणी ग्रुप राज्य में 6 मिलियन टन प्रति वर्ष की अतिरिक्त क्षमता के लिए 4 नए सीमेंट संयंत्र स्थापित करेगा। उन्होंने कहा कि इसके अलावा, जयपुर एयरपोर्ट पर विश्व स्तरीय सुविधाएं विकसित करना, मल्टी-मॉडल लॉजिस्टिक्स पार्क और आईसीडी जैसी योजनाएं राजस्थान के लिए परिवर्तनकारी साबित होंगी।
प्रधानमंत्री मोदी की सराहना
करण अदाणी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नेतृत्व क्षमता की तारीफ करते हुए कहा कि वह उम्मीद और आकांक्षा का प्रतीक हैं। उनके नेतृत्व में भारत ने आर्थिक प्रगति के नए आयाम छुए हैं। उन्होंने बताया कि आज देश के 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से ऊपर आ गए हैं। मोदी सरकार के 10 वर्षों में देश की अर्थव्यवस्था में 8 खरब डॉलर का निवेश हुआ है, जो 1947 से लेकर अब तक के कुल निवेश से भी अधिक है।
इसके अलावा, केंद्र सरकार ने मेसर्स अदाणी कृष्णपटनम पोर्ट लिमिटेड को सार्वजनिक हित में समुद्र मार्ग से भारत में पेट्रोलियम आयात की अनुमति दी है। यह अनुमति 1 मार्च 2026 तक के लिए जारी की गई है और इसका नोटिफिकेशन 6 दिसंबर को जारी हुआ है।
राइजिंग राजस्थान:अदानी ग्रुप राजस्थान में ₹7.5 लाख करोड़ का करेगा निवेश





