उत्तर भारत के राज्यों में सर्दी लगातार बढ़ रही है। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भारी बर्फबारी का दौर शुरू हो गया है। बर्फबारी के कारण हिमाचल प्रदेश में तीन राष्ट्रीय राजमार्गों सहित 174 सड़कों को बंद कर दिया गया है। इससे करीब 300 बसों समेत लगभग 1000 वाहन मनाली, रोहतांग जैसे मार्गों पर फंस गए हैं। अटल टनल के पास करीब 4000 पर्यटक फंसे हुए हैं। प्रदेश में 680 ट्रांसफार्मर ठप हो गए हैं, जिसके कारण कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बंद हो गई है। पहाड़ी राज्यों में क्रिसमस मनाने आए पर्यटकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
हिमाचल के मनाली, कुफरी, केलांग, डलहौजी और शिमला में 10 से 15 सेंटीमीटर तक बर्फबारी दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने गुरुवार तक बिलासपुर, ऊना, हमीरपुर और मंडी में अत्यधिक सर्दी के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। जम्मू-कश्मीर के कई क्षेत्रों में तापमान माइनस तक गिर गया है। श्रीनगर में डल झील और नलों में पानी जम गया है। उत्तराखंड के ऊंचे इलाकों में भी बर्फबारी हो रही है। बद्रीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री, हेमकुंड साहिब और कुमाऊं के मुनस्यारी में ताजा बर्फबारी हुई है, जिससे पूरे राज्य में सर्दी बढ़ गई है। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान में भी सर्दी बढ़ने की संभावना है। कई राज्यों में कोहरा भी छा सकता है।
जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में भारी बर्फबारी से तीन हाइवे बंद, उत्तर भारत में सर्दी बढ़ी





