मुंबई के गेटवे ऑफ इंडिया के सामने बुधवार को एक बड़ा हादसा हुआ। यहां एक नाव पलट गई, जिसमें 100 से अधिक यात्री और चालक दल के 5 सदस्य सवार थे। इस हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई यात्री लापता हैं। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें देखा जा सकता है कि नेवी की एक बोट तेजी से आई और नाव से टकरा गई। वीडियो में दिख रहा है कि नेवी की बोट पहले नाव के चारों ओर घूमी और फिर टक्कर मार दी। एक स्थानीय नेता का दावा है कि यह स्पीड बोट नौसेना की थी, हालांकि नौसेना ने इस बारे में कोई पुष्टि नहीं की है। समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, नाव में सवार 80 लोगों को बचा लिया गया है, जबकि एक दर्जन अन्य की तलाश जारी है। यह हादसा उस समय हुआ जब “नीलकमल” नाम की नाव यात्रियों को गेटवे ऑफ इंडिया से एलिफेंटा आईलैंड ले जा रही थी। एक रक्षा अधिकारी ने जानकारी दी कि नौसेना और तटरक्षक बल ने बड़े पैमाने पर बचाव अभियान चलाया है। इसमें नौसेना की 11 नौकाएं, मरीन पुलिस की तीन नौकाएं और तटरक्षक बल की एक नाव को तैनात किया गया है। इसके अलावा, इस खोज और बचाव अभियान में चार हेलीकॉप्टर भी शामिल हैं।
गेटवे ऑफ इंडिया के सामने एलिफेंटा आइलैंड जा रही नाव पलटी, 13 लोगों की मौत, कई लापता






