
• अहमदनगर रेलवे स्टेशन का नाम महान योद्धा महारानी पुण्यश्लोक अहिल्यादेवी होल्कर के नाम पर अहिल्यानगर रखा गया है।
• सरकार ने पिछले साल औरंगाबाद का नाम बदलकर छत्रपति संभाजीनगर और उस्मानाबाद का नाम बदलकर धाराशिव रखे थे
महाराष्ट्र के अहमदनगर जिले का नाम बदलने के बाद अब अहमदनगर रेलवे स्टेशन का नाम भी परिवर्तित कर दिया गया है। राज्य के गृह मंत्रालय ने आदेश जारी कर घोषणा की है कि अब यह स्टेशन ‘अहिल्यानगर रेलवे स्टेशन’ कहलाएगा।
काफी लंबे समय से नागरिकों और विभिन्न संगठनों की ओर से अहमदनगर रेलवे स्टेशन का नाम बदलने की मांग उठ रही थी। उनका मानना था कि इस ऐतिहासिक शहर का नाम पुण्यश्लोक अहिल्याबाई होल्कर के सम्मान में होना चाहिए। अब रेल मंत्रालय और राज्य सरकार की सहमति से इस निर्णय को लागू किए जाने पर स्थानीय लोगों में उत्साह और खुशी का माहौल है। शहर की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहर को ध्यान में रखते हुए नाम परिवर्तन की यह मांग समय-समय पर जोर पकड़ती रही थी। इस फैसले के बाद सोशल मीडिया पर भी नागरिकों की सकारात्मक प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। लोगों का कहना है कि यह बदलाव केवल नाम का नहीं बल्कि सांस्कृतिक गौरव का प्रतीक है।
पुण्यश्लोक अहिल्याबाई होल्कर के योगदान को स्मरण करते हुए लिया गया यह निर्णय क्षेत्र के इतिहास और गौरव को नई पहचान दिलाने वाला कदम माना जा रहा है। उल्लेखनीय है कि अहिल्यादेवी होल्कर (1725–1795) का जन्म अहमदनगर जिले के चौंडी गांव में एक मराठी परिवार में हुआ था। बाद में वे मालवा राज्य की रानी बनीं। पति की मृत्यु के बाद 31 मई 1725 को अहिल्याबाई ने मालवा की गद्दी संभाली और 13 अगस्त 1795 तक शासन किया।






