मुंबई में रविवार को नौसेना के डॉकयार्ड पर हमले की धमकी मिलने पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दो संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के मुताबिक, डॉकयार्ड के दो कर्मचारियों ने पुलिस कंट्रोल रूम में फोन कर हमले की फर्जी धमकी दी थी। पुलिस ने कॉल ट्रेस कर दोनों को हिरासत में लिया। पूछताछ में पता चला कि धमकी देने वाला व्यक्ति नशे की हालत में था और डॉकयार्ड में ही कार्यरत है। उसके साथ मौजूद दूसरा व्यक्ति भी वहीं का कर्मचारी है। शुरुआती जांच में स्पष्ट हुआ कि दोनों ने शराब के नशे में धमकी भरा कॉल किया था। इस मामले में मुंबई पुलिस ने जहांगीर शेख नामक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी ने खुद को आंध्र प्रदेश में होने की झूठी जानकारी दी थी और दावा किया था कि उसे यह सूचना किसी अन्य व्यक्ति से मिली है। धमकी मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गईं और सुरक्षा प्रोटोकॉल लागू किए गए। डॉकयार्ड और आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान चलाया गया, लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु, व्यक्ति या गतिविधि नहीं मिली। इसके बाद पुलिस ने कॉल करने वाले शख्स की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया। फिलहाल मामले की जांच जारी है। पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि फर्जी धमकी के पीछे क्या उद्देश्य था और क्या इस घटना में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल है।






