19वें मुंबई इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल (MIFF) का आयोजन इस वर्ष 15 से 21 जून तक मुंबई में होने जा रहा है। इस प्रतिष्ठित महोत्सव के लिए प्रतिनिधियों के पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। दक्षिण एशिया के सबसे पुराने और गैर-फीचर फिल्मों को समर्पित प्रमुख फिल्म समारोहों में शुमार यह महोत्सव वैश्विक स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान रखता है। हर साल की तरह इस बार भी यह आयोजन दुनिया भर के फिल्म निर्माताओं, कलाकारों, मीडिया पेशेवरों और सिनेमा प्रेमियों को एक साझा मंच पर एकत्रित करेगा। यह फिल्म महोत्सव मुंबई के पेडर रोड स्थित एनएफडीसी कॉम्प्लेक्स में आयोजित किया जाएगा। 19वें संस्करण में भाग लेने के इच्छुक प्रतिनिधि महोत्सव के आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से अपना पंजीकरण करा सकते हैं। नए उपयोगकर्ताओं को पहले अपना अकाउंट बनाना होगा, जबकि पहले से पंजीकृत यूजर्स सीधे लॉग-इन कर आवेदन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। निर्धारित जानकारी भरने के बाद प्रतिभागियों को 500 रुपये का पंजीकरण शुल्क जमा करना होगा, हालांकि छात्रों के लिए यह पंजीकरण निशुल्क रखा गया है।

महोत्सव के दौरान विभिन्न राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी, जिनमें प्रतिभागियों को अपनी रचनात्मकता और तकनीकी कौशल का प्रदर्शन करने का अवसर मिलेगा। विजेताओं को गोल्डन और सिल्वर कोंच अवॉर्ड के साथ कुल 55 लाख रुपये तक की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। इसके अलावा, वी. शांताराम लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड, प्रमोद पति अवॉर्ड, टेक्निकल एक्सिलेंस अवॉर्ड, बेस्ट स्टूडेंट फिल्म अवॉर्ड और बेस्ट डेब्यू डायरेक्टर अवॉर्ड जैसे प्रतिष्ठित सम्मान भी प्रदान किए जाएंगे। फिल्म महोत्सव के दौरान गाला स्क्रीनिंग, रेड कार्पेट इवेंट, मास्टरक्लास और पैनल डिस्कशन जैसे विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जो प्रतिभागियों को फिल्म निर्माण की बारीकियों को समझने और उद्योग के विशेषज्ञों से संवाद करने का अवसर प्रदान करेंगे। इसके साथ ही ‘वेव्स डॉक बाजार’ भी इस आयोजन का प्रमुख आकर्षण रहेगा, जहां फिल्म निर्माताओं और खरीदारों के बीच संवाद और सहयोग को बढ़ावा दिया जाएगा। खास बात यह है कि इस बार पहली बार ‘इमर्सिव मार्केट’ की शुरुआत की जा रही है, जो प्रतिभागियों को एक नए और आधुनिक अनुभव से रूबरू कराएगा।






