दिल्ली में बीजेपी ने की 27 साल बाद वापसी, नई दिल्ली सीट का रहा है यह इतिहास, पिछले 6 विधानसभा चुनाव में यहाँ से बना मुख्यमंत्री
दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 के नतीजे घोषित हो चुके हैं। इस बार दिल्ली में सत्ता परिवर्तन हुआ है। 27 साल बाद बीजेपी ने दिल्ली में वापसी करते हुए शानदार जीत दर्ज की है। 70 विधानसभा सीटों में से बीजेपी ने 48 सीटों पर जीत हासिल की है, जबकि आम आदमी पार्टी को 22 सीटें मिली हैं। कांग्रेस इस बार भी अपना खाता खोलने में नाकाम रही।
दिल्ली की सबसे महत्वपूर्ण सीट, नई दिल्ली विधानसभा सीट पर बीजेपी ने जीत दर्ज की है।
नई दिल्ली सीट से जीते प्रवेश वर्मा
बीजेपी प्रत्याशी प्रवेश वर्मा ने नई दिल्ली विधानसभा सीट से जीत हासिल की है। इस सीट पर दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को हार का सामना करना पड़ा। प्रवेश वर्मा ने 4,089 वोटों से जीत दर्ज की। इस सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी और पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के बेटे संदीप दीक्षित भी मैदान में थे, लेकिन वे तीसरे स्थान पर रहे। उन्हें कुल 4,568 वोट मिले, जो 5,000 से भी कम थे।
बीजेपी की इस बड़ी जीत के बाद अब यह चर्चा जोरों पर है कि दिल्ली का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा। प्रवेश वर्मा का नाम सबसे आगे चल रहा है, क्योंकि उन्होंने नई दिल्ली सीट से अरविंद केजरीवाल को हराया है। गौरतलब है कि पिछले छह विधानसभा चुनावों में नई दिल्ली सीट से जीतने वाला नेता ही मुख्यमंत्री बना है। इस सीट से तीन बार कांग्रेस की शीला दीक्षित मुख्यमंत्री बनीं, और बाद में यह सीट अरविंद केजरीवाल की मजबूत पकड़ में आ गई थी। केजरीवाल यहां से लगातार तीन बार चुनाव जीतकर मुख्यमंत्री बने थे।
अब 2025 के चुनाव में प्रवेश वर्मा की जीत के बाद, यदि बीजेपी उन्हें दिल्ली का मुख्यमंत्री बनाती है, तो यह सातवीं बार होगा जब नई दिल्ली विधानसभा सीट से दिल्ली को मुख्यमंत्री मिलेगा।





