जम्मू: जम्मू-कश्मीर के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल पहलगाम में मंगलवार को एक बड़ा आतंकी हमला हुआ। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आतंकियों ने इलाके में अंधाधुंध गोलीबारी की, जिसमें 26 पर्यटकों की जान चली गई और कई अन्य घायल हो गए। इनमें से 4 की हालत गंभीर बताई जा रही है। आतंकी संगठन लश्कर से जुड़े TRF ने हमले की जिम्मेदारी ली है।
घटना की जानकारी मिलते ही सुरक्षाबल मौके पर पहुंच गए हैं और इलाके को घेरकर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है। यह हमला उस समय हुआ है जब अमरनाथ यात्रा की तैयारियां जोरों पर हैं और पहलगाम इस यात्रा का बेस कैंप है। एक चश्मदीद ने बताया कि आतंकियों ने नाम पूछकर लोगों को निशाना बनाया। उसने कहा कि एक आतंकी आया और उसने शक के आधार पर गोली चला दी, कहते हुए कि शायद वह मुस्लिम नहीं है।
पीएम मोदी और गृहमंत्री ने की बात, केंद्र सरकार की इमरजेंसी बैठक
हमले की खबर मिलते ही सऊदी अरब में मौजूद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से फोन पर बात की और तुरंत जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए। इसके बाद गृहमंत्री ने गृह मंत्रालय में आपात बैठक बुलाई जिसमें आईबी, गृह सचिव और अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। जम्मू-कश्मीर के डीजीपी भी बैठक से वर्चुअली जुड़े। अमित शाह ने बताया कि प्रधानमंत्री को पूरी जानकारी दी गई है और सभी एजेंसियों के साथ मिलकर सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की जा रही है। वे जल्द ही श्रीनगर रवाना होंगे।
राजनीतिक प्रतिक्रियाएं और निंदा
बीजेपी नेता रविंदर रैना ने इस हमले को पाकिस्तान प्रायोजित कायरतापूर्ण हरकत बताया। उन्होंने कहा कि आतंकी भारतीय सेना और पुलिस का सामना नहीं कर सकते, इसलिए उन्होंने निर्दोष और निहत्थे पर्यटकों को निशाना बनाया। घायलों का इलाज स्थानीय अस्पताल में चल रहा है और पूरे इलाके को घेर लिया गया है। वहीं, कांग्रेस नेता विकार रसूल वानी ने हमले की तीव्र निंदा करते हुए इसे एक गहरी साजिश करार दिया। उन्होंने कहा कि कश्मीर की अर्थव्यवस्था पर्यटकों पर निर्भर है और ऐसे हमले घाटी की शांति और विकास के खिलाफ साजिश हैं। उन्होंने सरकार से इसकी गहन जांच की मांग की।
घटना से फैली दहशत, टूरिज्म सीज़न पर असर
स्थानीय लोगों ने बताया कि इलाके में अचानक गोलियों की आवाज से अफरा-तफरी मच गई। इस समय घाटी में टूरिज्म सीजन अपने चरम पर है और देशभर से हजारों सैलानी कश्मीर पहुंचे हुए हैं। घटना के बाद पर्यटक और स्थानीय लोग दोनों भयभीत हैं। सुरक्षा एजेंसियां हमलावरों की तलाश में जुटी हैं और हालात पर कड़ी नजर रखी जा रही है।






