
जम्मू-कश्मीर को जल्द ही बड़ी सौगात मिलने जा रही है। 30 अप्रैल से जम्मू और श्रीनगर के बीच सीधी रेल सेवा की शुरुआत होगी। इस अवसर पर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह और जम्मू के सांसद जुगल किशोर शर्मा, जम्मू रेलवे स्टेशन से कश्मीर घाटी के लिए वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। लंबे समय से इंतजार कर रहे प्रदेशवासियों के लिए यह सेवा बड़ी राहत लेकर आएगी। इस नई पहल से जम्मू और श्रीनगर के बीच यात्रा न केवल आसान होगी, बल्कि दोनों क्षेत्रों के बीच कनेक्टिविटी भी मजबूत होगी। रेलवे सूत्रों के मुताबिक, इस रूट के लिए सभी जरूरी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। ट्रेन और ट्रैक पूरी तरह तैयार हैं, ट्रायल रन सफल रहे हैं और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। फिलहाल कटड़ा और श्रीनगर के बीच संचालित हो रही दो वंदे भारत ट्रेनों का विस्तार अब जम्मू तक किया जा रहा है। खास बात यह है कि पहले 8 कोच के साथ चलने वाली यह ट्रेन अब 20 डिब्बों के साथ संचालित होगी, जिससे अधिक यात्रियों को सुविधा मिल सकेगी। रेलवे विभाग जल्द ही इसका नया टाइम टेबल जारी करेगा।
यात्रियों और कर्मचारियों को मिलेगा लाभ
यह सीधी रेल सेवा ऐसे समय शुरू हो रही है जब नागरिक सचिवालय के कार्यालय 30 अप्रैल और 2 मई को जम्मू में बंद होकर 4 मई से श्रीनगर में खुलेंगे। इससे कर्मचारियों को आवागमन में बड़ी सहूलियत मिलेगी। साथ ही, 3 जुलाई से शुरू होने वाली श्री अमरनाथ यात्रा के श्रद्धालुओं के लिए भी यह ट्रेन काफी मददगार साबित होगी। देशभर से जम्मू पहुंचने वाले यात्री अब सीधे ट्रेन से श्रीनगर तक आसानी से सफर कर सकेंगे।
खराब मौसम में बनेगी बेहतर विकल्प
हालांकि जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग दोनों क्षेत्रों के बीच मुख्य संपर्क मार्ग बना रहेगा, लेकिन सर्दियों या भारी बारिश के दौरान भूस्खलन के कारण जब हाईवे बाधित होता है, तब यह रेल सेवा यात्रियों और स्थानीय लोगों के लिए सुरक्षित और विश्वसनीय विकल्प के रूप में काम करेगी।






