
मृतका के पिता भारतीय राजस्व सेवा (आईआरएस) के एक वरिष्ठ अधिकारी थे, आरोपी नौकर को डेढ़ महीने पहले ही काम से हटाया था
दक्षिणी दिल्ली के पॉश इलाके कैलाश हिल में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। भारतीय राजस्व सेवा (आईआरएस) के एक वरिष्ठ अधिकारी की 22 वर्षीय बेटी की उनके पूर्व नौकर ने कथित तौर पर दुष्कर्म के बाद मोबाइल फोन चार्जर की केबल से गला घोंटकर हत्या कर दी। आरोपी की पहचान अलवर जिले के राजगढ़ थाना क्षेत्र निवासी 19 वर्षीय राहुल मीणा के रूप में हुई है, जिसे करीब डेढ़ महीने पहले पैसों में हेराफेरी के आरोप में नौकरी से निकाल दिया गया था। पुलिस ने उसे द्वारका स्थित एक होटल से गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ऑनलाइन सट्टेबाजी की लत, बढ़ता कर्ज और अपमान की भावना ने आरोपी को इस जघन्य अपराध के लिए उकसाया। बताया जा रहा है कि वह लंबे समय से ऑनलाइन सट्टेबाजी में लिप्त था, जिसके चलते कर्ज में डूब गया था। स्थिति यह हो गई थी कि उसने आसपास के लोगों, से भी उधार लेना शुरू कर दिया था। एक पड़ोसी से उसने करीब डेढ़ लाख रुपये उधार लिए थे। जब कर्ज चुकाने का दबाव बढ़ा तो विवाद की स्थिति बनने लगी, जिसकी शिकायत अधिकारी से भी की गई थी। आर्थिक तंगी के साथ उसका व्यवहार भी आक्रामक होता जा रहा था। अंततः उसे नौकरी से हटा दिया गया, जिसके बाद वह अंदर ही अंदर रंजिश पालने लगा।
पुलिस के अनुसार, आरोपी को घर की दिनचर्या और सुरक्षा व्यवस्था की पूरी जानकारी थी। उसे पता था कि दंपती रोजाना सुबह करीब 6 बजे जिम के लिए निकलते हैं और घरेलू सहायकों के लिए चाबी मुख्य दरवाजे के लेटर बॉक्स में रखी जाती है। इसी जानकारी का फायदा उठाकर वह बुधवार सुबह घर में दाखिल हुआ। घर में घुसने के बाद उसने अकेली युवती पर हमला किया। इस दौरान कथित तौर पर दुष्कर्म किया गया और विरोध करने पर उसकी हत्या कर दी गई। जांच में यह भी सामने आया है कि वारदात से पहले आरोपी पास के आस्था कुंज पार्क में कुछ समय तक रुका रहा और जैसे ही घर के सदस्य बाहर निकले, वह अंदर चला गया। वह करीब 41 मिनट तक घर के भीतर रहा। वारदात के बाद बाहर निकलते समय इलाके में कार साफ करने वाले एक व्यक्ति ने उसे पहचान लिया, लेकिन उसने सामान्य व्यवहार करते हुए वहां से निकल गया।
मृतका आईआईटी दिल्ली से इंजीनियरिंग कर चुकी थी और फिलहाल संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) परीक्षा की तैयारी कर रही थी। वह अपने माता-पिता के साथ अमर कॉलोनी स्थित कैलाश हिल की एक इमारत के तीसरे तल पर रहती थी। घटना के समय माता-पिता जिम गए हुए थे। लौटने पर उन्होंने बेटी को फर्श पर अचेत अवस्था में पाया। उसे तुरंत नजदीकी निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के मुताबिक, युवती के शरीर पर संघर्ष के स्पष्ट निशान मिले हैं। चेहरे और छाती पर गंभीर चोटें पाई गई हैं, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि उसने हमलावर का डटकर मुकाबला किया। मामले की सच्चाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद और स्पष्ट होगी। फिलहाल फोरेंसिक टीम और क्राइम ब्रांच ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटा लिए हैं और आरोपी से गहन पूछताछ जारी है। प्रारंभिक जांच में यह भी संकेत मिले हैं कि आरोपी वारदात के बाद घर से कुछ कीमती सामान भी लेकर फरार हो गया था। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी तक पहुंची और उसे गिरफ्तार कर लिया। मामले में आगे की जांच जारी है।





