
दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा टल गया, जब स्विस एयर की फ्लाइट एलएक्स 147 के टेकऑफ के दौरान उसके इंजन में अचानक खराबी आ गई और आग लग गई। विमान रनवे पर उड़ान भरने के लिए गति पकड़ ही रहा था कि तभी एक इंजन से असामान्य आवाज आने लगी और कुछ ही पलों में उसमें आग की लपटें दिखाई देने लगीं। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए पायलट ने तुरंत टेकऑफ रोक दिया और एयर ट्रैफिक कंट्रोल को अलर्ट किया। इसके बाद एयरपोर्ट पर मौजूद दमकल और आपातकालीन सेवाएं तत्काल सक्रिय हो गईं। कुछ ही मिनटों में आग पर काबू पा लिया गया और विमान को सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया। बताया गया कि घटना के दौरान विमान के अंदर धुआं भरने लगा था, जिससे यात्रियों में घबराहट फैल गई। घटना के दौरान विमान में सवार यात्रियों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि, क्रू मेंबर्स ने सूझबूझ दिखाते हुए सभी यात्रियों को शांत रखा और सुरक्षित बाहर निकालने में अहम भूमिका निभाई। जानकारी के अनुसार, हादसे में कम से कम 6 यात्री हल्के रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। सभी घायलों की हालत स्थिर बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि विमान में कुल 232 यात्री सवार थे और यह दिल्ली से ज्यूरिख के लिए रवाना होने वाला था। एयरपोर्ट अधिकारियों के मुताबिक, सभी यात्रियों और क्रू मेंबर्स को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और पूरे रेस्क्यू ऑपरेशन को सुरक्षा मानकों के तहत अंजाम दिया गया।
घटना के चलते कुछ समय के लिए रनवे संचालन प्रभावित रहा, हालांकि बाद में स्थिति सामान्य कर दी गई। शुरुआती जांच में इंजन में तकनीकी खराबी को आग लगने की वजह माना जा रहा है। फिलहाल, विमानन कंपनी और संबंधित एजेंसियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है। विशेषज्ञों की टीम ब्लैक बॉक्स सहित अन्य तकनीकी पहलुओं की गहन जांच कर रही है, ताकि हादसे के सटीक कारणों का पता लगाया जा सके।






