
आप कार्यकर्ताओं ने उनके घर के बाहर लिखा ‘पंजाब का गद्दार’
पंजाब में राजनीतिक हलचल के बीच भगवंत मान सरकार ने राज्यसभा सांसद और पूर्व भारतीय क्रिकेटर हरभजन सिंह की सुरक्षा वापस ले ली है। जानकारी के अनुसार, हरभजन सिंह के आम आदमी पार्टी छोड़ने के बाद यह कार्रवाई की गई है। वह उन सात राज्यसभा सांसदों में शामिल हैं जिन्होंने हाल ही में पार्टी से इस्तीफा दिया है। हरभजन सिंह के निजी सहायक मनदीप सिंह ने बताया कि सरकार ने अचानक निर्णय लेते हुए उनकी पूरी सुरक्षा व्यवस्था हटा दी। पहले उनके आवास के बाहर करीब 10 सुरक्षाकर्मी तैनात थे, जिन्हें अब हटा लिया गया है। इसके साथ ही उन्हें आवंटित सरकारी वाहन भी वापस ले लिया गया है। फिलहाल इस मामले पर हरभजन सिंह की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
इधर, माहौल उस समय और तनावपूर्ण हो गया जब उनके घर के बाहर काले रंग से ‘पंजाब का गद्दार’ लिख दिया गया। आम आदमी पार्टी छोड़ने वाले सांसदों के खिलाफ विरोध अब सड़कों पर भी दिखने लगा है। पार्टी कार्यकर्ताओं ने काली पट्टी बांधकर प्रदर्शन किया। हाल ही में आम आदमी पार्टी को बड़ा झटका लगा है, जब उसके 10 में से 7 राज्यसभा सांसदों ने पार्टी छोड़ दी। इनमें राघव चड्ढा, स्वाति मालीवाल, हरभजन सिंह, संदीप पाठक, अशोक मित्तल, विक्रमजीत सिंह साहनी और राजिंदर गुप्ता के नाम शामिल हैं। राघव चड्ढा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में दावा किया कि दो-तिहाई सांसद उनके साथ हैं और इस्तीफे के दस्तावेज राज्यसभा के उपसभापति को सौंप दिए गए हैं। इस दौरान उनके साथ अशोक मित्तल और संदीप पाठक भी मौजूद रहे।
वहीं, आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने इस घटनाक्रम को बीजेपी का ‘ऑपरेशन लोटस’ करार देते हुए इसकी आलोचना की। भगवंत मान ने तंज कसते हुए कहा कि “सात मसाले स्वाद तो बढ़ा सकते हैं, लेकिन अकेले उनका कोई वजूद नहीं होता।”






