गुजरात के अहमदाबाद में बोपल इलाके की एक बहुमंजिला आवासीय इमारत में आग लगने से 65 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जबकि 22 लोग घायल हो गए। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। बोपल पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार रात करीब 10:40 बजे 21 मंजिला ‘इस्कॉन प्लेटिना’ इमारत की आठवीं मंजिल पर आग लगी, जो देखते ही देखते 21वीं मंजिल तक फैल गई। अतिरिक्त मुख्य अग्निशमन अधिकारी मिथुन मिस्त्री ने जानकारी दी कि इमारत से 200 से अधिक निवासियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया और आग बुझाने के लिए कई दमकल गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। एक अग्निशमन अधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में ऐसा प्रतीत होता है कि आग आठवीं मंजिल के ‘इलेक्ट्रिक डक्ट’ में शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी, लेकिन सही कारण का पता लगाया जा रहा है। घायलों को तुरंत एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां 65 वर्षीय महिला, मिलाबेन शाह, ने दम तोड़ दिया। शनिवार तड़के करीब 3:40 बजे तक आग पर काबू पाने का प्रयास जारी रहा।
अहमदाबाद में 21 मंजिला इमारत में आग लगने से बुजुर्ग महिला की मौत





