
डॉक्टर ने बताया नॉन-वेज के साथ न खाएं ये फल
मुंबई से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। पायधुनी इलाके में एक ही परिवार के चार सदस्यों की अचानक मौत हो गई। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मृतकों में पति-पत्नी और उनकी दो नाबालिग बेटियां शामिल हैं। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, परिवार ने पहले चिकन बिरयानी खाई और उसके बाद तरबूज का सेवन किया, जिसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ी और मौत हो गई। पुलिस ने मृतकों की पहचान अब्दुल्ला डोकाडिया (40), उनकी पत्नी नसरीन डोकाडिया (35), और बेटियां आयशा (16) व जैनब (13) के रूप में की है। फिलहाल मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
विशेषज्ञों का कहना है कि तरबूज जैसे फलों में पानी की मात्रा अधिक होती है और ये बहुत जल्दी पच जाते हैं, जबकि मांस को पचने में 4 से 6 घंटे लगते हैं। ऐसे में जब दोनों को एक साथ खाया जाता है, तो फल पेट में ज्यादा देर तक रुककर फर्मेंट होने लगता है। इससे गैस, पेट फूलना और गंभीर मामलों में फूड पॉइजनिंग का खतरा बढ़ सकता है। नॉन-वेज के साथ दूध से बने फलों के शेक (जैसे आम या चीकू शेक) का सेवन भी नुकसानदायक हो सकता है। दूध और मांस दोनों ही भारी प्रोटीन स्रोत हैं, जिन्हें एक साथ पचाना शरीर के लिए मुश्किल हो सकता है। इससे पाचन तंत्र पर दबाव बढ़ता है और उल्टी, मतली या त्वचा संबंधी समस्याएं हो सकती हैं।
नॉन-वेज के साथ कुछ फलों का सेवन हो सकता है खतरनाक
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, नॉन-वेज (मांस, मछली, अंडा) के साथ कुछ फलों का सेवन पाचन संबंधी समस्याएं और फूड पॉइजनिंग जैसी स्थितियां पैदा कर सकता है। इसका मुख्य कारण पाचन की गति में अंतर और शरीर में एंजाइमों की प्रतिक्रिया है। नॉन-वेज भोजन प्रोटीन और वसा से भरपूर होता है, जिसे पचाने के लिए पेट को अधिक समय और विशेष एसिड की जरूरत होती है। वहीं, खट्टे फलों जैसे संतरा, नींबू और चकोतरा में मौजूद साइट्रिक एसिड, प्रोटीन के साथ मिलकर पाचन प्रक्रिया को धीमा कर सकता है, जिससे एसिडिटी, सीने में जलन और भारीपन की समस्या हो सकती है।
अत्यधिक मीठे फलों से भी बढ़ सकता है जोखिम
आम और अंगूर जैसे अधिक फ्रुक्टोज वाले फल तेजी से पचते हैं। जब इन्हें प्रोटीन के साथ लिया जाता है, तो पेट में फर्मेंटेशन की प्रक्रिया शुरू हो सकती है, जिससे पेट दर्द, ऐंठन और अपच जैसी समस्याएं हो सकती हैं।
डिस्क्लेमर: यह जानकारी सामान्य जागरूकता के लिए है। किसी भी स्वास्थ्य समस्या या आहार संबंधी सलाह के लिए योग्य चिकित्सक से परामर्श अवश्य लें।






