
‘दीदी की राजनीति; सड़कों पर नमाज और हिंदूओं के त्योहारों पर पाबंदी’
पश्चिम बंगाल में चुनावी सरगर्मी के बीच उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ममता बनर्जी सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में हिंदू त्योहारों पर रोक लगाई जा रही है और तुष्टीकरण की राजनीति को बढ़ावा दिया जा रहा है।
दूसरे चरण के मतदान से पहले बंगाल का सियासी पारा चढ़ गया है। हुगली में आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि राज्य की जनता अब बदलाव चाहती है और तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की राजनीति पूरी तरह तुष्टीकरण पर आधारित है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि राज्य में अवैध घुसपैठ को प्रोत्साहन मिल रहा है और कानून-व्यवस्था की स्थिति बदतर हो चुकी है। अपने संबोधन में योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बंगाल की लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि ‘जय श्रीराम’ के उद्घोष पर रोक लगाई जाती है, जबकि दुर्गा पूजा और मूर्ति विसर्जन की शोभायात्राओं पर भी प्रतिबंध लगाया जाता है। इसके विपरीत, उन्होंने दावा किया कि सरकार सड़कों पर नमाज और इफ्तार कार्यक्रमों को बढ़ावा देती है। योगी ने आगे कहा कि हिंदू त्योहारों के दौरान पाबंदियां लगाई जाती हैं, जबकि राज्य में हत्या, ‘लव जिहाद’ और ‘लैंड जिहाद’ जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं, जिन पर टीएमसी सरकार चुप्पी साधे हुए है।
मुख्यमंत्री योगी ने यह भी कहा कि पहले चरण के मतदान के बाद टीएमसी में घबराहट साफ नजर आ रही है और जनता बदलाव के पक्ष में है। उन्होंने दावा किया कि चुनाव परिणाम आने के बाद पश्चिम बंगाल में बड़ा राजनीतिक परिवर्तन देखने को मिलेगा।






