राजस्थान इंटेलिजेंस ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के लिए जासूसी करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किया गया व्यक्ति जैसलमेर के मोहनगढ़ क्षेत्र का निवासी पठान खान (उम्र 40 वर्ष) है। जानकारी के अनुसार पठान खान, जैसलमेर के अति संवेदनशील अंतरराष्ट्रीय सीमा क्षेत्र से संबंधित जानकारी आईएसआई को भेजता था।
जयपुर में सुरक्षा एजेंसियों की पूछताछ जारी
राजस्थान इंटेलिजेंस के अनुसार आरोपी पठान खान से जयपुर में कई सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारी पूछताछ कर रहे हैं। जैसलमेर का इलाका सामरिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है, जहां सेना की गतिविधियाँ लगातार चलती रहती हैं और नियमित रूप से सैन्य अभ्यास होते हैं।
पाकिस्तान जाकर ली जासूसी की ट्रेनिंग
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह वर्ष 2013 में पाकिस्तान गया था, जहां वह पाक खुफिया एजेंसी के अधिकारियों के संपर्क में आया। पैसों के लालच में उसने जासूसी की ट्रेनिंग ली और बदले में उसे मोटी रकम दी गई। भारत लौटने के बाद वह अपने मोबाइल से सेना की गतिविधियों और सैन्य अभ्यास से जुड़ी जानकारियाँ आईएसआई को भेजता रहा।
लगातार भेज रहा था संवेदनशील जानकारियाँ
इंटेलिजेंस एजेंसियों का कहना है कि पठान खान बाद में भी पाकिस्तान जाकर आईएसआई अधिकारियों से मिलता रहा। वह पैसों के बदले में जैसलमेर की अंतरराष्ट्रीय सीमा से जुड़ी महत्वपूर्ण सूचनाएं साझा करता था। वह लगातार भारतीय सेना और रणनीतिक स्थानों से संबंधित जानकारी आईएसआई को दे रहा था।
भारतीय सिम कार्ड भी दिए पाक अफसरों को
पठान खान ने पाकिस्तानी खुफिया अधिकारियों को भारतीय सिम कार्ड भी उपलब्ध कराए, जिनके जरिए वे भारतीय सैनिकों को महिला एजेंटों के माध्यम से हनीट्रैप में फँसाने की कोशिश करते थे। इसके बदले आईएसआई द्वारा उसे अलग-अलग माध्यमों से पैसा भेजा जाता था।
आधिकारिक गोपनीयता अधिनियम के तहत मामला दर्ज
गिरफ्तारी के बाद पठान खान को जैसलमेर से जयपुर लाया गया, जहाँ उसके मोबाइल और अन्य उपकरणों की जांच की गई। उस पर ऑफिशियल सीक्रेट्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।





