जयपुर। राजस्थान गवर्नमेंट हैल्थ स्कीम (आरजीएचएस) से जुड़े सूचीबद्ध अस्पतालों ने चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर के निर्देश पर हुई सकारात्मक बातचीत के बाद बुधवार दोपहर से अपनी सेवाएं फिर से शुरू कर दीं। यह फैसला प्रदेश के लाखों लाभार्थियों के लिए बड़ी राहत लेकर आया है।
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की प्रमुख शासन सचिव गायत्री राठौड़ ने बताया कि बुधवार सुबह आरजीएचएस से सम्बद्ध अस्पतालों के प्रतिनिधियों के साथ रचनात्मक और गहन चर्चा हुई। इस वार्ता के पश्चात अस्पतालों ने तुरंत सेवाएं बहाल करने पर सहमति जताई। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार योजना को और मजबूत बनाने के साथ-साथ उसमें पारदर्शिता सुनिश्चित करने और अनियमितताओं को रोकने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। लाभार्थियों को अधिकतम सुविधा मिले, इसके लिए आवश्यक बदलाव भी किए जा रहे हैं।
राजस्थान स्टेट हैल्थ एश्योरेंस एजेंसी के सीईओ हरजी लाल अटल ने बताया कि अस्पतालों के साथ हुई चर्चा के आधार पर बकाया भुगतान की प्रक्रिया और तेज की जाएगी। साथ ही, सीजीएचएस दरों के अनुरूप आरजीएचएस दरों में संशोधन की संभावनाओं पर भी विचार किया जाएगा। उन्होंने आगे कहा कि योजना के अंतर्गत न्यूनतम दस्तावेज प्रोटोकॉल, एसओपी, एम्पेनलमेंट नियमों और पारदर्शिता को बेहतर बनाने हेतु एक संयुक्त समिति बनाई गई है। इस समिति में अस्पताल प्रतिनिधियों को भी शामिल किया जाएगा, ताकि उनके सुझावों के आधार पर आवश्यक नीतिगत सुधार किए जा सकें।






