राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शनिवार को प्रयागराज में महाकुंभ के पावन संगम तट पर श्रद्धा की डुबकी लगाई। इस दौरान राजस्थान के कैबिनेट मंत्री और विधायक भी उनके साथ मौजूद रहे। संगम स्नान के बाद मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया और मां गंगा की पूजा-अर्चना की।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सहित लगभग सभी मंत्री-विधायक शनिवार सुबह जयपुर से विशेष विमान द्वारा प्रयागराज पहुंचे। वहां पहुंचने के बाद उन्होंने संगम तट स्थित हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना की और फिर महाकुंभ में स्नान किया। इसके पश्चात राजस्थान मंडपम में राजस्थान कैबिनेट की बैठक आयोजित की गई। मुख्यमंत्री और विधायक रात्रि विश्राम प्रयागराज में ही करेंगे तथा रविवार दोपहर 12 बजे प्रयागराज से प्रस्थान कर दोपहर में जयपुर पहुंचेंगे।
यूपी के मुख्यमंत्री योगी को दिया धन्यवाद
महाकुंभ 2025 पर राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा, “महाकुंभ हमारी संस्कृति और परंपरा का प्रतीक है… यह हमारे पूर्वजों और संतों की धरोहर है, जो ग्रहों की गणना के आधार पर आता है। हम सौभाग्यशाली हैं कि इस ऐतिहासिक आयोजन का हिस्सा बन रहे हैं। यहां जो विशाल जनसमूह उपस्थित है, वह भारत की विशिष्टता को दर्शाता है। मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में किए गए बेहतरीन प्रबंधों के लिए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को धन्यवाद देता हूं। देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु यहां आ रहे हैं।”
जयपुर में उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की यह पहल अत्यंत सराहनीय है। सभी मंत्रिपरिषद के सदस्य एवं विधायक महाकुंभ में स्नान कर पुण्य लाभ अर्जित कर रहे हैं, जिसके लिए हम मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हैं। वहीं, उप मुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा ने कहा कि राजस्थान के मंत्री और विधायक प्रदेश एवं देश की समृद्धि और खुशहाली के लिए प्रार्थना कर रहे हैं। यह एक ऐतिहासिक क्षण है।
राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि सनातन संस्कृति में कुंभ का विशेष महत्व है, और इस अवसर पर कैबिनेट बैठक आयोजित करना एक ऐतिहासिक निर्णय है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार यहां कुछ महत्वपूर्ण फैसले लेगी। साथ ही, उन्होंने कांग्रेस नेताओं पर कटाक्ष करते हुए कहा कि उनकी सोच संकीर्ण हो गई है और वे खुद छुपकर कुंभ में भाग ले रहे हैं।
पहले भी कुंभ में कर चुके हैं स्नान
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा इससे पहले 19 जनवरी को भी प्रयागराज आए थे, जहां उन्होंने संगम तट पर महाकुंभ में श्रद्धा की डुबकी लगाई थी। उन्होंने त्रिवेणी संगम घाट पर मां गंगा की आरती, भगवान महादेव का जलाभिषेक और बड़े हनुमान जी के दर्शन किए थे।
राजस्थान: मुख्यमंत्री भजनलाल ने महाकुंभ के पावन संगम तट पर लगाई श्रद्धा की डुबकी, बोले ‘महाकुंभ हमारी संस्कृति का प्रतीक’






