अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने बीते सप्ताह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से फोन पर बात की और जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले की कड़ी निंदा की। उन्होंने इस हमले के पीड़ितों और उनके परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की और कहा कि अमेरिका इस कठिन समय में भारत के साथ खड़ा है। इस बातचीत की जानकारी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया के माध्यम से दी। जेडी वेंस ने पहलगाम आतंकी घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए भारत के प्रति समर्थन व्यक्त किया और उम्मीद जताई कि भारत इस हमले का जवाब इस प्रकार देगा जिससे क्षेत्र में किसी बड़े टकराव की स्थिति न उत्पन्न हो। साथ ही उन्होंने पाकिस्तान से भी अपील की कि वह जांच में सहयोग करे ताकि दोषियों को सज़ा दी जा सके।
पाकिस्तान जांच में दे सहयोग
एक अमेरिकी मीडिया चैनल के पॉडकास्ट में बातचीत के दौरान जेडी वेंस ने कहा, “हम आशा करते हैं कि भारत इस आतंकी हमले का जवाब समझदारी से देगा ताकि यह कोई व्यापक क्षेत्रीय संकट का कारण न बने। साथ ही, हमारी यह भी उम्मीद है कि पाकिस्तान इस हमले में जहां-जहां जिम्मेदार हो सकता है, वहां भारत के साथ मिलकर जांच में पूरी तरह सहयोग करे। इससे यह सुनिश्चित किया जा सकेगा कि उनके क्षेत्र में सक्रिय आतंकियों की पहचान हो सके और उन पर कार्रवाई हो।” गौरतलब है कि 22 अप्रैल को जब पहलगाम में आतंकियों ने 26 निर्दोष लोगों को निशाना बनाया था, उस समय जेडी वेंस अपने परिवार के साथ भारत यात्रा पर थे।
अमेरिकी विदेश विभाग का बयान
अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने भी बुधवार को भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर से फोन पर बातचीत कर पहलगाम हमले पर दुख जताया और अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं। अमेरिकी विदेश विभाग ने एक बयान में कहा है कि आतंकवाद के खिलाफ संघर्ष में अमेरिका भारत के साथ खड़ा है। उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका प्रधानमंत्री मोदी का पूरा समर्थन करता है और भारत-पाकिस्तान दोनों से तनाव कम करने की अपील की है।






