मंथली पास की दरें भी बढ़ा दी गई हैं। पहले मंथली पास के लिए 340 रुपये देने पड़ते थे, लेकिन 1 अप्रैल से 350 रुपये देने होंगे। टोल के 20 किलोमीटर के दायरे में आने वाले स्थानीय लोगों के लिए मंथली पास की सुविधा उपलब्ध है।
जयपुर। नेशनल हाईवे पर चलने वाले वाहनों को 1 अप्रैल से अधिक टोल चुकाना होगा। राजस्थान से गुजरने वाले लगभग 11 हजार किलोमीटर लंबे नेशनल हाईवेज पर बने 140 में से 100 से अधिक टोल प्लाजाओं पर टोल दरों में वृद्धि की गई है। टोल दरें वर्तमान दरों की तुलना में आधा प्रतिशत से लेकर लगभग 10 प्रतिशत तक बढ़ाई गई हैं। जयपुर-किशनगढ़ छह लेन हाईवे पर स्थित दो टोल प्लाजाओं पर अब वाहन चालकों को 10 रुपये से लेकर 95 रुपये तक अधिक टोल देना होगा। इस हाईवे पर टोल दरों में लगभग 10 प्रतिशत तक की वृद्धि हुई है, जो प्रतिशत के हिसाब से सबसे अधिक है। एनएचएआई अधिकारियों का कहना है कि इस हाईवे पर नए पुलों का निर्माण हुआ है, जिसके चलते टोल दरें अधिक बढ़ी हैं। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर भी टोल दरें 1 अप्रैल से बढ़ जाएंगी। दौसा के आगे भांडारेज से सोहना तक फिलहाल कार चालकों को 430 रुपये टोल देना पड़ता है, जो अब बढ़कर 445 रुपये हो जाएगा। यहां विभिन्न श्रेणियों के वाहनों के लिए टोल दरों में 15 रुपये से लेकर 100 रुपये तक की वृद्धि की गई है।
निर्माण कार्य के बावजूद बढ़ी टोल दरें
जयपुर से गुड़गांव के बीच छह लेन एनएच 48 पर भी वाहनों को अधिक टोल देना पड़ेगा। इस नेशनल हाईवे पर कई जगहों पर निर्माण कार्य चल रहा है और आए दिन जाम की समस्या बनी रहती है। इसके बावजूद एनएचएआई ने टोल दरें बढ़ाने का फैसला किया है। नई दरों की जानकारी को लेकर वाहन चालकों में भ्रम न हो, इसके लिए टोल बूथों पर नई दर सूची लगा दी गई है।






