राजस्थान के बीकानेर दौरे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पाकिस्तान पर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि अब भारत-पाकिस्तान के बीच कोई बातचीत नहीं होगी। अगर बात होगी तो सिर्फ पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) को लेकर ही होगी। भारत अब न पानी देगा, न व्यापार करेगा। प्रधानमंत्री मोदी का यह दौरा भारतीय सेना द्वारा पाकिस्तान पर किए गए “ऑपरेशन सिंदूर” के बाद हुआ। इस मौके पर उन्होंने 26 हजार करोड़ रुपये की विकास योजनाओं की सौगात दी और देश के 103 रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन किया।
आतंक के समर्थक को चुकानी होगी कीमत
अपने भाषण में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “मेरी नसों में अब लहू नहीं, सिंदूर बह रहा है। हर आतंकी हमले की पाकिस्तान को भारी कीमत चुकानी पड़ेगी। अब कोई भी ताकत भारत को अपने संकल्प से पीछे नहीं हटा सकती।” उन्होंने आगे कहा कि “हमने आतंकियों के 9 सबसे बड़े ठिकानों को केवल 22 मिनट में खत्म कर दिया। पाकिस्तान को समझ लेना चाहिए कि जब सिंदूर बारूद बनता है तो परिणाम क्या होते हैं।”
भारत अब चुप नहीं बैठेगा
मोदी ने कहा, “आज जो भारत है, वह पहले जैसा नहीं रहा। पहले घर में घुसकर हमला किया, अब सीधे सीने पर वार किया गया है। यह प्रतिशोध नहीं, यह न्याय का नया रूप है। ऑपरेशन सिंदूर इसका उदाहरण है। अब हर आतंकी हमला भारत पर नहीं, युद्ध माना जाएगा। सेना समय तय करेगी और जवाब देगी।”
पाकिस्तान का दोहरा खेल नहीं चलेगा
प्रधानमंत्री मोदी ने पाकिस्तान को चेताते हुए कहा, “भारत अब ‘स्टेट और नॉन-स्टेट’ जैसे झूठे बहानों को नहीं मानेगा। आतंकवाद का साथ देने वाली पाकिस्तान सरकार और आतंकी एक ही हैं। हमने दुनिया भर में पाकिस्तान का असली चेहरा उजागर करने के लिए सात विशेष प्रतिनिधिमंडल भेजे हैं।”
अब बात सिर्फ पीओके पर होगी
मोदी ने साफ कहा, “अब पाकिस्तान से कोई बात नहीं होगी। अगर बात होगी तो बस पीओके पर। पाकिस्तान को भारत का पानी नहीं मिलेगा। यह भारत का दृढ़ संकल्प है।”
पाक एयरबेस तबाह, भारत का सुरक्षित
प्रधानमंत्री ने बताया कि पाकिस्तान ने भारत के नाल एयरबेस पर हमला करने की कोशिश की, लेकिन वह नाकाम रहा। वहीं, पाकिस्तान का रहिमयारखान एयरबेस बुरी तरह से तबाह हो गया और अब वह आईसीयू में पड़ा है।
राजस्थान में विकास को नई रफ्तार
प्रधानमंत्री ने बताया कि राजस्थान में 11 साल में 70 हजार करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। रेलवे के लिए ही 10 हजार करोड़ से ज्यादा की राशि दी गई है। उन्होंने बीकानेर से बांद्रा ट्रेन को हरी झंडी भी दिखाई और कई बिजली और औद्योगिक परियोजनाओं का उद्घाटन किया।
डबल इंजन सरकार का असर
मोदी ने कहा कि “राजस्थान में डबल इंजन की सरकार तेजी से काम कर रही है। बीकानेर जैसे शहरों को नई औद्योगिक नीतियों से लाभ मिलेगा। यहां की प्रसिद्ध भुजिया और रसगुल्ला दुनिया भर में अपनी पहचान और मजबूती से बनाएंगे।”
उन्होंने यह भी कहा कि गंगासिंह जी की इस भूमि पर हम सिंचाई योजनाओं और नदी जोड़ने की परियोजनाओं से किसानों को लाभ पहुंचा रहे हैं।





