पाकिस्तान के लिए जासूसी के आरोप में गिरफ्तार की गई हिसार की यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा की रिमांड कोर्ट ने चार दिन और बढ़ा दी है। इस मामले में जांच एजेंसियों की पूछताछ अभी भी जारी है।
ज्योति को 16 मई को गिरफ्तार किया गया था और गुरुवार सुबह 9:30 बजे हिसार पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश किया। लगभग डेढ़ घंटे की सुनवाई के बाद कोर्ट ने चार दिन की रिमांड मंजूर कर दी। इस दौरान न तो पुलिस अधिकारियों ने मीडिया से कोई बात की और न ही ज्योति को उसके पिता हरीश मल्होत्रा से मिलने की अनुमति दी गई। तीन दिन तक एनआईए, आईबी और मिलिट्री इंटेलिजेंस की टीमों ने पुलिस रिमांड के दौरान ज्योति से अलग-अलग पूछताछ की और अपने-अपने स्तर पर जांच रिपोर्ट तैयार की। बुधवार को हालांकि कोई केंद्रीय एजेंसी पूछताछ के लिए नहीं पहुंची, लेकिन सिविल थाना पुलिस ने सेंट्रल जेल में जाकर उससे सवाल किए। जांच अधिकारी इंस्पेक्टर निर्मला ने ज्योति से उसके यूट्यूब चैनल, पाकिस्तान की तीन यात्राओं और पहलगाम से जुड़े वीडियो के बारे में पूछताछ की।
अब तक नहीं मिला वकील
ज्योति की ओर से अभी तक कोई वकील नियुक्त नहीं किया गया है। उसके पिता हरीश मल्होत्रा ने बताया कि उनके पास वकील करने के लिए पैसे नहीं हैं और उन्हें यह भी नहीं पता कि वकील कैसे किया जाता है। उन्होंने कहा कि पिछले पांच दिनों में मीडिया और पुलिस के अलावा कोई भी उनसे मिलने नहीं आया। पड़ोसी और रिश्तेदारों ने भी उनसे दूरी बना ली है।






