केरल के मलप्पुरम जिले के अनक्कल्लू क्षेत्र में मंगलवार की रात अचानक धमाके जैसी आवाजें सुनाई दीं और हल्के भूकंप के झटके महसूस किए गए। इस घटना से लोग घबरा गए, जिसके बाद प्रशासन ने यहां रहने वाले 250 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। पुलिस के अनुसार, धमाके जैसी आवाजें सुनने के बाद लोगों में दहशत फैल गई, जिसके चलते इन्हें एहतियात के तौर पर एक स्कूल में अस्थायी रूप से रखा गया है। पुलिस ने बताया कि गांव के 85 परिवारों के 257 लोगों को रात में सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। पहली धमाके जैसी आवाज रात 9:15 बजे सुनाई दी, फिर 10:15 और 10:45 बजे दो और आवाजें सुनाई दीं। ये आवाजें एक-दो किलोमीटर के दायरे में सुनाई दीं, जिससे ग्रामीणों में डर का माहौल पैदा हो गया। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस, राजस्व अधिकारी और स्थानीय प्रतिनिधि तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। सुरक्षा की दृष्टि से इन परिवारों को रात में पास के एक स्कूल में शिफ्ट कर दिया गया। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि ग्रामीण बुधवार की सुबह धीरे-धीरे अपने घरों की ओर लौटने लगे। धमाके जैसी आवाजों और भूकंप के झटकों का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हुआ है। प्रशासन ने इसकी जांच के आदेश दिए हैं और लोगों को सतर्क रहने को कहा है। इस घटना से स्थानीय लोग भयभीत हैं।
केरल में धमाके जैसी आवाज के साथ भूकंप के झटके, दहशत में पूरा गांव





