
असम-नगालैंड में भी महसूस किए गए भूकंप के तेज झटके
- मणिपुर के कई हिस्सों में महसूस किए गए भूकंप के झटके
- रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 5.2 मापी गई
- नगालैंड और असम में भी झटकों का हुआ असर
मंगलवार सुबह मणिपुर के कई इलाकों में भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 5.2 दर्ज की गई, जबकि इसका केंद्र कामजोंग जिला में स्थित था। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के अनुसार, भूकंप सुबह 5:59 बजे आया, जिससे कामजोंग और आसपास के क्षेत्रों में दहशत फैल गई। झटके महसूस होते ही लोग घरों से बाहर निकल आए। भूकंप का केंद्र 24.703 उत्तरी अक्षांश और 94.415 पूर्वी देशांतर पर, करीब 62 किलोमीटर की गहराई में था। इसके असर नागालैंड और असम तक भी महसूस किए गए। फिलहाल किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है।इससे पहले सोमवार को उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल में रात 8:32 बजे 3.0 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया था, जिसका केंद्र 10 किलोमीटर की गहराई में था। वहीं, सोमवार सुबह जापान में 7.4 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया, जिसके बाद समुद्र में करीब 80 सेंटीमीटर ऊंची लहरें उठीं और सुनामी का अलर्ट जारी किया गया।






