टेक्नोलॉजी की दिग्गज कंपनी माइक्रोसॉफ्ट अपने हजारों कर्मचारियों की छंटनी की तैयारी कर रही है। यह कटौती मुख्य रूप से बिक्री विभाग में की जाएगी। रिपोर्ट्स के अनुसार, कंपनी अगले महीने जुलाई की शुरुआत में छंटनी का ऐलान कर सकती है। इससे पहले मई में भी कंपनी ने करीब 6,000 कर्मचारियों को बाहर का रास्ता दिखाया था।
छंटनी के पीछे एआई में बढ़ता निवेश
ब्लूमबर्ग न्यूज की एक रिपोर्ट में बताया गया है कि माइक्रोसॉफ्ट की यह छंटनी योजना उसके आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) क्षेत्र में बढ़ते निवेश का परिणाम है। कंपनी अपने कार्यबल को छोटा, लेकिन अधिक प्रभावशाली बनाना चाहती है। इसी रणनीति के तहत माइक्रोसॉफ्ट ने अपने एआई प्रोजेक्ट्स को मजबूती देने के लिए भारी निवेश किया है।
माइक्रोसॉफ्ट ने चालू वित्तीय वर्ष में लगभग 80 बिलियन डॉलर खर्च करने की योजना बनाई है। इसमें से अधिकांश राशि डेटा सेंटर्स के निर्माण पर खर्च की जाएगी, ताकि एआई सेवाओं को और बेहतर बनाया जा सके। माइक्रोसॉफ्ट की यह रणनीति उद्योगों में तेज़ी से बढ़ती एआई प्रतिस्पर्धा को देखते हुए बनाई गई है। रिपोर्ट के अनुसार, छंटनी केवल बिक्री विभाग तक ही सीमित नहीं रहेगी, बल्कि अन्य विभागों को भी प्रभावित कर सकती है। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि कुल कितने कर्मचारियों को नौकरी से हटाया जाएगा। जून 2024 तक माइक्रोसॉफ्ट में कुल 2,28,000 कर्मचारी कार्यरत थे। फिलहाल कंपनी की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
माइक्रोसॉफ्ट में हजारों कर्मचारियों की नौकरी पर संकट, जल्द हो सकती है छंटनी की घोषणा





