हरिद्वार से लेकर मेरठ और दिल्ली-गाजियाबाद तक कांवड़ यात्रा अपने चरम पर पहुंच चुकी है। इसी कारण गाजियाबाद में शिक्षा विभाग ने अहम निर्णय लिया है। इससे पहले मेरठ में भी स्कूलों की छुट्टियों की घोषणा की जा चुकी थी। गाजियाबाद जिला बेसिक शिक्षा विभाग ने नोटिस जारी कर बताया कि कांवड़ यात्रा के मद्देनज़र जिले के सभी स्कूल 17 जुलाई से 23 जुलाई तक बंद रहेंगे।
मेरठ में आज से स्कूल बंद
मेरठ में प्रशासन ने जिले के सभी स्कूल 16 जुलाई से 23 जुलाई तक बंद करने का आदेश जारी किया है। जिलाधिकारी डॉ. वी. के. सिंह ने बताया कि 23 जुलाई को शिवरात्रि है और इन दिनों कांवड़ियों की आवाजाही काफी अधिक रहेगी।
24 जुलाई से फिर से खुलेंगे स्कूल
सुरक्षा, यातायात और बच्चों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है। 24 जुलाई से सभी स्कूल नियमित रूप से फिर से शुरू होंगे। उल्लेखनीय है कि हरिद्वार, मुजफ्फरनगर, गाजियाबाद और मेरठ में कांवड़ियों द्वारा वाहनों में तोड़फोड़ की घटनाएं भी हुई हैं, जिसके चलते प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। मुजफ्फरनगर में भी इसी तरह 16 जुलाई से स्कूल बंद करने का आदेश पहले ही जारी हो चुका है।
जैसे-जैसे कांवड़ यात्रा आगे बढ़ रही है, कांवड़िए हरिद्वार और अन्य स्थानों से गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर रवाना हो रहे हैं। जल्द ही मेरठ सीमा में हाईवे पर कांवड़ियों की भारी भीड़ पहुंचने लगेगी। इसके लिए पुलिस-प्रशासन तैयारियों में जुटा है। मंगलवार को पुलिस ने परतापुर से दादरी गांव तक सभी अवैध कटों को बैरिकेडिंग कर बंद कर दिया। वहीं, हाईवे के वन-वे हो जाने के कारण अगले दिन भी पूरे दिन जाम की स्थिति बनी रही।





