
उत्तराखंड की राजधानी देहरादून स्थित प्रसिद्ध पर्यटन स्थल सहस्त्रधारा में बादल फटने से तबाही मच गई। इस आपदा में कई दुकानें, होटल और एक पुल बह गए, जबकि दो लोग लापता बताए जा रहे हैं।
देहरादून: बीती रात हुई भारी बारिश के दौरान अचानक बादल फटने से करलीगाड़ नदी उफान पर आ गई। तेज बहाव में स्थानीय बाजार की करीब आठ दुकानें पूरी तरह ध्वस्त हो गईं और टपकेश्वर महादेव मंदिर पानी में डूब गया। प्रशासन ने जानकारी दी कि अब तक 100 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है, जबकि दो लोगों की तलाश जारी है।
जिलाधिकारी के अनुसार, रात करीब 11 बजे पहाड़ों से आए पानी और मलबे का सैलाब सहस्त्रधारा-करलीगाड़ क्षेत्र में उतर आया, जिससे आईटी पार्क इलाके में कई वाहन जलमग्न हो गए और आसपास के घरों को भी नुकसान पहुंचा। राहत और बचाव कार्य के लिए एनडीआरएफ व एसडीआरएफ की टीमें मौके पर तैनात रहीं। एसडीएम कुमकुम जोशी ने पूरी रात राहत अभियान की निगरानी की।
मौसम विभाग ने देहरादून समेत कई जिलों में आज भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। एहतियातन जिला प्रशासन ने कक्षा 1 से 12 तक के सभी स्कूलों में अवकाश घोषित किया है। साथ ही, स्थानीय लोगों से अपील की गई है कि वे नदियों-नालों के किनारे न जाएं और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें। गौरतलब है कि मॉनसून के अंतिम चरण में उत्तराखंड लगातार प्राकृतिक आपदाओं का सामना कर रहा है। इससे पहले भी राज्य में भूस्खलन और बाढ़ जैसी घटनाएं दर्ज की जा चुकी हैं। फिलहाल प्रशासन राहत कार्यों को तेज करने के साथ-साथ प्रभावित क्षेत्रों में बिजली और पानी की आपूर्ति बहाल करने में जुटा है। अधिक जानकारी के लिए जिला आपदा प्रबंधन केंद्र से संपर्क करने की अपील की गई है।





