भारत ने दिन की शुरुआत से पहले अपनी पहली पारी पांच विकेट पर 448 रन बनाकर घोषित की और 286 रनों की मजबूत बढ़त हासिल की। इसके जवाब में वेस्टइंडीज की टीम शनिवार को पूरे दो सत्र भी नहीं टिक सकी और दूसरी पारी में मात्र 146 रन पर सिमट गई। भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए वेस्टइंडीज को पारी और 140 रनों के विशाल अंतर से हराया। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए पहले टेस्ट में भारत ने तीसरे ही दिन जीत दर्ज कर दो मैचों की टेस्ट सीरीज़ में 1-0 की बढ़त बना ली।
वेस्टइंडीज की कमजोर बल्लेबाजी
वेस्टइंडीज की टीम का प्रदर्शन दोनों पारियों में निराशाजनक रहा। भारत के लिए रवींद्र जडेजा और मोहम्मद सिराज ने बेहतरीन गेंदबाजी की और चायकाल से पहले ही मेहमान टीम को समेट दिया। यह टेस्ट सीरीज़ में 17वीं बार था जब किसी टीम ने पारी के अंतर से जीत दर्ज की। 20वीं सदी में वेस्टइंडीज ने नौ बार ऐसा किया था, जबकि 21वीं सदी में भारत ने अब तक सभी आठ मुकाबलों में पारी के अंतर से जीत हासिल की है। वेस्टइंडीज की पिछली 15 पारियों में टीम केवल दो बार ही 200 रन का आंकड़ा पार कर सकी है और उसका सर्वोच्च स्कोर 253 रहा है।
हाल के वर्षों में भारतीय सरजमीं पर वेस्टइंडीज का टेस्ट रिकॉर्ड बेहद खराब रहा है। भारत में खेले गए पिछले पांच टेस्ट मैचों में वेस्टइंडीज को चार बार पारी से हार का सामना करना पड़ा है, जबकि एक मैच भारत ने 10 विकेट से जीता था। 2013 में कोलकाता में भारत ने पारी और 51 रनों से तथा मुंबई में पारी और 126 रनों से वेस्टइंडीज को हराया। 2018 में राजकोट में पारी और 272 रनों से तथा हैदराबाद में 10 विकेट से जीत मिली थी। अब अहमदाबाद में भी वेस्टइंडीज की कहानी वही रही टीम पारी से पराजित हुई और यह सभी पांच मैच तीन दिन के भीतर ही समाप्त हुए। वेस्टइंडीज की दूसरी पारी महज चार घंटे में ढह गई। एलिका अथानाजे ने सर्वाधिक 38 रन बनाए, जबकि जस्टिन ग्रीव्स (25), जेडन सील्स (22), जोहान लेन और जॉन कैंबेल (14-14) रन बना सके। बाकी बल्लेबाज दो अंकों तक भी नहीं पहुंच पाए।
जडेजा का ऑलराउंड कमाल
रवींद्र जडेजा ने बल्ले और गेंद दोनों से शानदार प्रदर्शन किया। पहली पारी में उन्होंने नाबाद शतक लगाया, जबकि दूसरी पारी में चार विकेट झटके। मोहम्मद सिराज ने तीन, कुलदीप यादव ने दो और वाशिंगटन सुंदर ने एक विकेट हासिल किया। जसप्रीत बुमराह को इस पारी में कोई सफलता नहीं मिली। भारत ने केएल राहुल, ध्रुव जुरेल और जडेजा के शतकों की बदौलत विशाल स्कोर खड़ा किया। शुभमन गिल ने अर्धशतक लगाया, जबकि राहुल ने 197 गेंदों पर 100 रन बनाए। इसके बाद जुरेल (125) और जडेजा (नाबाद 104) ने पारी को मजबूती दी। दोनों ने वेस्टइंडीज के गेंदबाजों को पूरी तरह थका दिया और भारत को निर्णायक बढ़त दिलाई। भारत और वेस्टइंडीज के बीच टेस्ट सीरीज़ का दूसरा और आखिरी मैच 10 अक्टूबर से दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाएगा।






