
भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच दो टेस्ट मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला 14 से 18 नवंबर तक कोलकाता में, जबकि दूसरा टेस्ट 22 से 26 नवंबर तक गुवाहाटी में खेला जाएगा। इस सीरीज के लिए भारतीय टेस्ट टीम की घोषणा कर दी गई है। टीम में ज्यादातर वही खिलाड़ी शामिल हैं, जो वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज का हिस्सा थे। हालांकि, करुण नायर को एक बार फिर टीम में जगह नहीं मिल सकी है।
टीम में ऋषभ पंत की वापसी हुई है, जबकि तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को एक बार फिर चयनकर्ताओं ने नजरअंदाज कर दिया है। शुभमन गिल को टीम की कमान सौंपी गई है और ऋषभ पंत उपकप्तान बनाए गए हैं। वेस्टइंडीज सीरीज में पंत की जगह एन. जगदीशन को शामिल किया गया था, लेकिन इंग्लैंड सीरीज के दौरान लगी चोट से उबरने के बाद पंत ने टीम में वापसी की है। वहीं, विकेटकीपर बल्लेबाज ध्रुव जुरेल भी टीम में अपना स्थान बनाए रखने में सफल रहे हैं।
मोहम्मद शमी को फिर टीम में नहीं चुना गया है। उन्होंने आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच मार्च 2025 में खेला था और ऑस्ट्रेलिया दौरे पर भी उन्हें मौका नहीं मिला था। चयनकर्ता अजीत अगरकर ने उनकी फिटनेस को लेकर सवाल उठाए थे, जिस पर शमी ने कहा था कि वह पूरी तरह फिट हैं और सभी प्रारूपों में खेलने के लिए तैयार हैं। रणजी ट्रॉफी 2025-26 में शानदार प्रदर्शन के बावजूद उन्हें चयनकर्ताओं ने नजरअंदाज कर दिया। तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा को इस बार टीम से बाहर कर दिया गया है, जबकि आकाश दीप की वापसी हुई है। भारत की ओपनिंग जोड़ी के रूप में एक बार फिर यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल उतरेंगे। तेज गेंदबाजी की जिम्मेदारी जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज और आकाश दीप संभालेंगे।






