
अगर विराट कोहली ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ इस सीरीज़ में एक और शतक बना लेते हैं, तो वे विश्व के पहले ऐसे बल्लेबाज़ बन जाएंगे जिन्होंने किसी एक प्रारूप में 52 शतक लगाए हों, सीरीज़ में शतक लगाते ही कोहली एक नया विश्व रिकॉर्ड बनाकर 148 साल पुराने क्रिकेट के इतिहास में एक नया अध्याय लिखेंगे…
भारतीय क्रिकेट के स्टार बल्लेबाज़ विराट कोहली रविवार को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले वनडे में मैदान पर उतरते ही एक ऐतिहासिक मुकाम के बेहद करीब होंगे। यह मुकाबला सिर्फ उनके सात महीने बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी का नहीं, बल्कि क्रिकेट के 148 साल पुराने इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ने का मौका भी होगा। 36 वर्षीय पूर्व कप्तान अब उस रिकॉर्ड से सिर्फ एक शतक दूर हैं जिसे आज तक कोई नहीं तोड़ पाया, किसी एक फॉर्मेट में सबसे अधिक शतक लगाने का।
सचिन की बराबरी पर खड़े कोहली
वर्तमान में विराट कोहली के नाम 51 वनडे शतक दर्ज हैं, जिससे वे महान बल्लेबाज़ सचिन तेंदुलकर की बराबरी पर हैं। सचिन ने टेस्ट क्रिकेट में 51 शतक लगाए थे। अगर कोहली ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एक और शतक बना देते हैं, तो वे इतिहास रचते हुए किसी एक प्रारूप में 52 शतक लगाने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज़ बन जाएंगे। अब तक क्रिकेट इतिहास में केवल दो ही बल्लेबाज़ों ने किसी एक फॉर्मेट में 50 से अधिक शतक लगाए हैं, सचिन तेंदुलकर और विराट कोहली।
ऑस्ट्रेलिया में कोहली का दबदबा
ऑस्ट्रेलियाई सरज़मीं पर कोहली का प्रदर्शन हमेशा शानदार रहा है। उन्होंने यहां खेले 29 वनडे मुकाबलों में 1,327 रन बनाए हैं, जिसमें उनका औसत 51.03 और स्ट्राइक रेट 89+ का रहा है। इस दौरान उन्होंने 5 शतक और 6 अर्धशतक जमाए हैं। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उनकी पिछली पांच पारियां भी बेहतरीन रही हैं, 54, 56, 85, 54 और 84 रन। वहीं ऑस्ट्रेलिया में उनकी पिछली पांच पारियों में उन्होंने 104, 46, 21, 89 और 63 रन बनाए हैं।
कोहली के नाम ऑस्ट्रेलिया में किसी भी विदेशी खिलाड़ी द्वारा सभी प्रारूपों में सबसे अधिक शतक (17) का रिकॉर्ड है। अब वे रोहित शर्मा के एक और रिकॉर्ड के करीब हैं ,ऑस्ट्रेलिया में सबसे ज्यादा वनडे शतक लगाने का। रोहित ने ऑस्ट्रेलिया में 4 वनडे शतक लगाए हैं, जबकि कोहली के नाम 3 शतक हैं।
सचिन बनाम कोहली
सचिन तेंदुलकर ने अपने करियर में कुल 100 अंतरराष्ट्रीय शतक लगाए, जिनमें 51 टेस्ट और 49 वनडे शतक शामिल हैं। वहीं, कोहली अब तक 82 अंतरराष्ट्रीय शतक (51 वनडे, 30 टेस्ट और 1 T-20) बना चुके हैं। अगर उनका फॉर्म इसी तरह बरकरार रहा, तो आने वाले समय में वह सचिन के 100 अंतरराष्ट्रीय शतकों के रिकॉर्ड के करीब भी पहुंच सकते हैं।




