पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज देवजीत सैकिया को आधिकारिक रूप से भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) का नया सचिव नियुक्त किया गया है। सैकिया ने यह पद जय शाह की जगह संभाला है, जो हाल ही में आईसीसी के अध्यक्ष बने हैं। सैकिया का सचिव पद पर चुना जाना पहले से तय माना जा रहा था क्योंकि इस पद के लिए वह इकलौते उम्मीदवार थे। इसी बैठक में प्रभतेज सिंह भाटिया को बीसीसीआई का नया कोषाध्यक्ष चुना गया। सैकिया और भाटिया दोनों ही निर्विरोध अपने-अपने पदों पर चुने गए। यह निर्णय बीसीसीआई की विशेष आम बैठक (एसजीएम) के दौरान लिया गया। जय शाह के आईसीसी अध्यक्ष बनने के बाद, सैकिया अंतरिम सचिव के रूप में काम कर रहे थे। बीसीसीआई के संविधान के अनुसार, किसी भी रिक्त पद को 45 दिनों के भीतर विशेष आम सभा बुलाकर भरा जाना आवश्यक होता है। जय शाह ने 1 दिसंबर 2024 को आईसीसी अध्यक्ष का पद संभाला था, और बीसीसीआई ने 43वें दिन बैठक आयोजित कर यह रिक्त पद भर दिया। वहीं, प्रभतेज सिंह भाटिया ने आशीष शेल्लार की जगह कोषाध्यक्ष का पद संभाला। आशीष शेल्लार को महाराष्ट्र सरकार में कैबिनेट मंत्री बनाए जाने के कारण बीसीसीआई का पद छोड़ना पड़ा।
कौन हैं देवजीत सैकिया?
देवजीत सैकिया एक पूर्व प्रथम श्रेणी क्रिकेटर हैं, जिन्होंने 1990-91 में चार मैच खेले। उनका क्रिकेट करियर छोटा रहा, जिसमें उन्होंने 53 रन बनाए और विकेट के पीछे 9 शिकार किए। क्रिकेट छोड़ने के बाद सैकिया ने लॉ में करियर बनाया और 28 वर्ष की उम्र में गौहाटी हाई कोर्ट के वकील बने। खेल कोटे के तहत उन्हें भारतीय रिज़र्व बैंक (आरबीआई) और उत्तरी रेलवे में नौकरी भी मिली। क्रिकेट प्रशासन में उनका सफर 2016 में शुरू हुआ जब वह असम क्रिकेट संघ (एसीए) के उपाध्यक्ष बने। उस समय एसीए के अध्यक्ष हिमंत बिस्व सरमा थे, जो अब असम के मुख्यमंत्री हैं। 2019 में सैकिया एसीए के सचिव बने और 2022 में बीसीसीआई के संयुक्त सचिव चुने गए।






