
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उनकी सरकार उत्तर प्रदेश की नकारात्मक छवि को पूरी तरह बदलने के लिए संकल्पित है। उन्होंने बताया कि बीते साढ़े आठ वर्षों में बिना रुके और बिना झुके माफियाओं पर सख्त कार्रवाई की गई है।
लखनऊ के डालीबाग में माफिया मुख्तार अंसारी के कब्जे से मुक्त कराई गई जमीन पर आठ करोड़ रुपये की लागत से बने 72 फ्लैटों की योजना के लोकार्पण और लाभार्थियों को आवंटन पत्र वितरण के दौरान सीएम योगी ने बुधवार को कहा, जो भी गरीबों, सरकारी या सार्वजनिक जमीन पर कब्जा करेगा, उसे उसकी कीमत चुकानी ही पड़ेगी। उन्होंने कहा कि यह साफ संदेश है उनके लिए जो सत्ता में रहते हुए माफियाओं को संरक्षण देते हैं और मरने के बाद उनकी कब्रों पर फातिहा पढ़ने जाते हैं। माफिया किसी का सगा नहीं होता और जो उन्हें संरक्षण देंगे, उन्हें यह समझ लेना चाहिए कि अब उत्तर प्रदेश में माफिया राज नहीं चलने वाला।
सीएम योगी ने कहा कि 2017 में सत्ता संभालने के बाद जब सरकार ने माफियाओं पर शिकंजा कसना शुरू किया, तो कई लोग पैरवी में उतर आए। ऐसे लोगों को चेतावनी देते हुए उन्होंने कहा कि जो गरीबों की जमीन कब्जाएगा, बहन-बेटियों की अस्मिता से खिलवाड़ करेगा या व्यापारियों का अपहरण करेगा, उसका अंजाम यही होगा जो माफियाओं का हुआ। माफिया अब सिर्फ उखड़ेगा नहीं, बल्कि पूरी तरह उखाड़ फेंका जाएगा। उन्होंने बताया कि जिन लोगों को यह आवास मिला है, वह प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत भी कवर होगा, जिससे इसकी कीमत और कम हो जाएगी। अभी प्रत्येक आवास की लागत 10.70 लाख रुपये है, जबकि योजना के तहत मिलने वाली ढाई लाख रुपये की सब्सिडी से यह और सस्ता हो जाएगा। साथ ही उन्होंने कहा कि यह फ्लैट जिस प्रमुख स्थान पर बना है, भविष्य में इसकी कीमत एक करोड़ रुपये तक पहुंच जाएगी।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पूर्व की सरकारों के समय माफिया कानून और संविधान का मजाक उड़ाते थे, अधिकारी भी उनके आगे झुक जाते थे, लेकिन अब हालात बदल चुके हैं। पूरब से पश्चिम और बुंदेलखंड से लेकर उत्तर प्रदेश के हर हिस्से में माफिया का सफाया किया गया है। अब उनकी संपत्तियों को जब्त कर गरीबों के लिए घर बनाए जा रहे हैं। प्रदेश में अब तक 60 लाख से अधिक गरीबों को आवास दिए जा चुके हैं और 15 लाख करोड़ रुपये का निवेश हो चुका है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश अब अनंत संभावनाओं वाला प्रदेश बन गया है, जहां दंगे खत्म हो चुके हैं और हर त्योहार शांतिपूर्वक मनाया जा रहा है। विदेशी निवेशक भी यहां निवेश के लिए आगे आ रहे हैं।
सभी जिलों में खुलेगा सरदार वल्लभ भाई पटेल इंप्लॉयमेंट सेंटर
सीएम योगी ने यह भी घोषणा की कि सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन से प्रेरणा लेते हुए प्रदेश के सभी 75 जिलों में “सरदार पटेल इंप्लॉयमेंट सेंटर” स्थापित किए जाएंगे। इन केंद्रों में क्लस्टर आधारित स्किल डेवलपमेंट के माध्यम से युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा ताकि उन्हें नौकरी की तलाश में प्रदेश से बाहर न जाना पड़े।





