जयपुर: राजस्थान सरकार ने डीजीपी यू.आर. साहू को राजस्थान लोक सेवा आयोग (आरपीएससी) का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। राज्यपाल हरिभाऊ बागडे द्वारा इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी कर दिए गए हैं। यू.आर. साहू वर्तमान में राजस्थान पुलिस के महानिदेशक (डीजीपी) के पद पर कार्यरत हैं। उन्हें प्रशासनिक अनुभव और कड़े फैसले लेने की क्षमता के लिए जाना जाता है। माना जा रहा है कि सरकार आरपीएससी के अध्यक्ष पद पर उनकी नियुक्ति से इस अनुभव का लाभ उठाना चाहती है। साहू 1988 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं और राजस्थान पुलिस में सबसे वरिष्ठ हैं। वे मूल रूप से ओडिशा के निवासी हैं। दिसंबर 2020 में उन्हें डीजी रैंक पर प्रमोट किया गया था। पिछले साल भजनलाल सरकार ने उन्हें राज्य का पुलिस प्रमुख बनाया था।
गहलोत का सरकार पर हमला
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि, “चुनाव से पहले युवाओं को भ्रमित करने और हम पर झूठे आरोप लगाने के लिए आरपीएससी में सुधार कर भर्ती प्रक्रिया तेज करने का वादा किया गया था। लेकिन यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि भाजपा सरकार 10 महीने बीत जाने के बाद भी न तो नया चेयरमैन नियुक्त कर सकी और न ही आयोग में रिक्त पद भरे जा सके।”
यू.आर. साहू अब तक धौलपुर, बाड़मेर, हनुमानगढ़, सीकर, बांसवाड़ा, श्रीगंगानगर, भीलवाड़ा और जोधपुर जैसे आठ जिलों में एसपी के तौर पर सेवाएं दे चुके हैं। वर्ष 2005 में जोधपुर में एसपी रहते हुए उन्हें पुलिस पदक से नवाजा गया था। वहीं, वसुंधरा राजे सरकार के दौरान जनवरी 2014 से दिसंबर 2018 तक वे इंटेलिजेंस विभाग में एडीजी के पद पर कार्यरत रहे। इस दौरान वर्ष 2016 में उन्हें राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित किया गया था।






