राजधानी दिल्ली के द्वारका सेक्टर-13 स्थित सबद सोसाइटी के एक अपार्टमेंट की सातवीं मंजिल पर भीषण आग लग गई। इस हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की जान चली गई। आग लगने के दौरान जान बचाने की कोशिश में 10 साल के दो जुड़वां बच्चेए क लड़का और एक लड़की बालकनी से नीचे कूद गए। उन्हें तुरंत आकाश अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। कुछ देर बाद उनके पिता, 35 वर्षीय यश यादव ने भी बालकनी से छलांग लगा दी। उन्हें आईजीआई अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां भी उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। यश यादव फ्लेक्स बोर्ड के व्यवसाय से जुड़े थे।
इस हादसे में यश यादव की पत्नी और बड़ा बेटा बच गए हैं। दोनों को इलाज के लिए आईजीआई अस्पताल भेजा गया है। आग लगने के तुरंत बाद दमकल की कई गाड़ियाँ मौके पर पहुँचीं और आग पर काबू पाया गया। सोसाइटी के सभी निवासियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। सुरक्षा के मद्देनज़र बिजली और पीएनजी सप्लाई को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है।
दिल्ली के द्वारका स्थित अपार्टमेंट में आग लगने से पिता और दो बच्चों की दर्दनाक मौत





