
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी छह दिनों में दूसरी बार बिहार के दौरे पर पहुंचे हैं। वे इस समय मुजफ्फरपुर में एक चुनावी सभा को संबोधित कर रहे हैं। मुजफ्फरपुर में सभा की शुरुआत करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने सबसे पहले अमर शहीद खुदीराम बोस को नमन किया। उन्होंने कहा कि जैसे यहां की लीची मशहूर है, वैसे ही यहां के लोगों की मिठास भी अद्वितीय है। उन्होंने उत्साहित भीड़ की ओर इशारा करते हुए कहा कि यह जनसैलाब इस बात का संकेत है कि बिहार में एक बार फिर एनडीए सरकार बनने जा रही है और सुशासन लौटेगा। उन्होंने कहा कि बिहार के मेरे परिश्रमी परिवारजन पहले से ही भाजपा-एनडीए को प्रचंड जीत दिलाने के लिए मैदान में हैं। मुझे पूरा विश्वास है कि बिहार के भाई-बहन एक बार फिर महाविजय का शंखनाद करेंगे।
प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि यह मेरी छठ महापर्व के बाद पहली जनसभा है। छठ बिहार ही नहीं, पूरे देश का गौरव है। यह पर्व देश और दुनिया भर में श्रद्धा के साथ मनाया जाता है। छठ गीत सुनकर हर किसी का मन भावविभोर हो उठता है। छठी मैया में मां की भक्ति, ममता, समरसता और समानता का संदेश छिपा है। यह मानवता का महापर्व है, और हमारी सरकार कोशिश कर रही है कि इसे यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल कराया जाए। यह सूची लंबी प्रक्रिया और गहन जांच के बाद बनती है, लेकिन यदि छठ महापर्व इसमें शामिल होता है, तो यह हर बिहारी के लिए गर्व का क्षण होगा।





